logo

भाजपा अब विपक्ष नहीं, एक नकारात्मक और निराशाजनक समूह बन चुकी है : विनोद कुमार पांडेय

BINOD_PANDEY1.jpg

रांची 

झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के वरिष्ठ नेता विनोद कुमार पांडेय ने भाजपा के आरोपों पर कड़ा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की हर सकारात्मक पहल पर भाजपा की प्रतिक्रिया ईर्ष्या और असुरक्षा से भरी होती है। "एक आदिवासी युवा मुख्यमंत्री का वैश्विक दौरा भाजपा नेताओं को हजम नहीं हो रहा। क्योंकि समावेशी नेतृत्व और विकास की सोच उनके डीएनए में ही नहीं है," पांडेय ने कहा। उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड वैश्विक मंचों पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने की दिशा में अग्रसर है। "हेमंत सोरेन की नेतृत्व क्षमता बेमिसाल है और उनके प्रति जनता का विश्वास लगातार मज़बूत हो रहा है," उन्होंने जोड़ा।
भाजपा पर निशाना साधते हुए पांडेय ने कहा, “आज विपक्ष के नाम पर भाजपा केवल निराशा और नकारात्मकता का प्रतीक बन गई है। उनका एकमात्र एजेंडा सामाजिक सौहार्द्र को बिगाड़ना और राजनीतिक अस्तित्व बनाए रखने के लिए झूठे नैरेटिव गढ़ना है।” उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में भाजपा नेताओं के पास कोई ठोस एजेंडा नहीं बचा है। “सरकार की किसी भी योजना या पहल के सफल होने से पहले ही भाजपा नेता उसकी विफलता की कहानी गढ़ना शुरू कर देते हैं।”
विदेश दौरे पर सफाई देते हुए पांडेय ने बताया कि झारखंड प्रतिनिधिमंडल की स्पेन और स्वीडन यात्रा पूरी तरह विकास-केंद्रित है। उन्होंने बताया कि पिछले एक दशक में भारत और स्पेन के आर्थिक संबंधों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। "वर्तमान में भारत में 280 से अधिक स्पेनिश कंपनियाँ कार्यरत हैं, और 2024 में द्विपक्षीय व्यापार 8.78 बिलियन अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गया है," उन्होंने जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्पेन और स्वीडन यात्रा के दौरान झारखंड का प्रतिनिधिमंडल ऊर्जा, धातु, स्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी जैसे क्षेत्रों में संभावनाएं तलाशेगा। निर्धारित बी2बी बैठकें और व्यापार मंच स्पेनिश कंपनियों को झारखंड की औद्योगिक नीतियों, निवेश-अनुकूल वातावरण और पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप के अवसरों से अवगत कराएंगे।

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News Jharkhand।ive Breaking।atest