गिरिडीह
केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी आज गिरिडीह पहुंचीं, जहां उन्होंने एक निजी आयोजित कार्यक्रम में लोगों को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने झारखंड सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राज्य सरकार कभी भी नगर निकाय चुनाव कराना नहीं चाहती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि हाई कोर्ट का आदेश नहीं आता और भारतीय जनता पार्टी इस मुद्दे पर मजबूती से खड़ी नहीं रहती, तो चुनाव संभव नहीं हो पाता।

अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि भाजपा ने लगातार लोकतांत्रिक प्रक्रिया को बहाल करने के लिए संघर्ष किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और आम मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि नगर निकाय चुनाव स्थानीय विकास की दिशा तय करने का महत्वपूर्ण अवसर है। इसलिए सभी नागरिक बढ़-चढ़कर चुनाव में हिस्सा लें और अपने मताधिकार का प्रयोग करें।
उन्होंने कहा कि नगर की सरकार जनता के वोट से बनती है और यही सरकार शहर के विकास, साफ-सफाई, सड़क, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं के लिए जिम्मेदार होती है। ऐसे में जागरूक मतदाता ही बेहतर प्रतिनिधि चुन सकते हैं। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं और महिलाओं से भी मतदान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
