द फॉलोअप डेस्क
भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शिवशंकर उरांव की अध्यक्षता में आज भगवान बिरसा मुंडा की 150 वीं जयंती पर आयोजित होनेवाले जनजाति गौरव दिवस को लेकर कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला को ऑनलाइन संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष एवम नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को राष्ट्रीय जनजाति गौरव दिवस घोषित कर के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही केंद्र सरकार ने जनजाति समाज का गौरव तो बढ़ाया ही ,इससे पूरे झारखंड का सम्मान बढ़ा। उन्होंने कहा कि जब भी अवसर आया है भाजपा ने झारखंड का और जनजाति समाज का गौरव बढ़ाया है। यही कारण है कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी ने अलग झारखंड राज्य गठन की तिथि भी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर ही निर्धारित किया था। उन्होंने कहा कि झारखंड के लिए यह दिन दोहरे खुशी का दिन है। राज्य स्थापना दिवस के साथ जनजाति गौरव दिवस का उपहार झारखंड को मिला है। जनजाति समाज के सर्वांगीण विकास के लिए पीएम जन मन योजना , प्रखंड स्तर पर एकलव्य विद्यालय जैसे अनेक कल्याणकारी योजनाएं मोदी सरकार की देन है। उन्होंने कहा कि आज प्रति वर्ष देश के कई जनजाति समाज के विशिष्ट जनों को पद्मश्री ,जैसे पुरस्कार मिल रहे हैं।

कार्यकारी अध्यक्ष सांसद आदित्य साहू ने कहा कि झारखंड का सौभाग्य है कि झारखंड और जनजाति गौरव दिवस का गहरा नाता है। हम सभी उसी भूमि के निवासी हैं जहां 150 वर्ष पूर्व भगवान बिरसा मुंडा ने जन्म लिया था। कहा कि कांग्रेस पार्टी ने 60 वर्षों तक आदिवासी महानायकों को सम्मानित नहीं किया। केवल चुनाव में नारे दिए ,वोट मांगे लेकिन सम्मान नहीं दिया। प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कार्यशाला को ऑनलाइन संबोधित करते हुए जनजाति गौरव दिवस के कार्यक्रमों को सफल एवं प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। कहा कि यह वर्ष अत्यंत महत्वपूर्व है जिसमें भगवान बिरसा मुंडा की 150 जयंती वर्षगांठ,सरदार बल्लभ भाई पटेल की 150 वीं जयंती वर्षगांठ और राष्ट्रगान वन्देमातरम की 150 वीं जयंती मनाई जा रही।

अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व सांसद समीर उरांव ने कहा कि जनजाति समाज ने देश की आजादी के आंदोलन से लेकर विकास में बड़ा योगदान दिया है। लेकिन आज भाजपा की सरकार ही हैं जिसने समाज के योगदान को एक पहचान दिया ,सम्मान दिया। कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जल ,जंगल , जमीन की रक्षा के साथ जनजाति संस्कृति ,अस्मिता और पहचान को बचाने केलिए संघर्ष किया। कहा कि आज राष्ट्र विरोधी शक्तियां भगवान बिरसा मुंडा की आड़ में दुष्प्रचार का सहारा ले रही ,आदिवासी समाज को दिग्भ्रमित कर रही है। मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शिवशंकर उरांव ने स्वागत भाषण करते हुए आगामी कार्यक्रमों की रूप रेखा रखी। कहा कि आगामी 4,5 और 6 नवंबर को सभी जिलों में जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित होगी। कार्यशाला का संचालन राजेंद्र मुंडा ने और मंचस्थ पदाधिकारियों का स्वागत रोशनी खलखो, रवि मुंडा, भोगेन सोरेन,अनीता मुर्मु, आनंद टुडू ने किया।
