हजारीबाग :
Hazaribagh News: जिस दौर में विकास की बड़ी-बड़ी इबारतें लिखी जा रही हैं और सरकारी योजनाओं की सफलता के दावे किए जा रहे हैं, उसी दौर में हजारीबाग में आदिम जनजाति बिरहोर समुदाय के परिवार आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करने को मजबूर हैं। आवास, पानी, सड़क, राशन, बिजली और शिक्षा जैसी मूलभूत जरूरतों से वंचित बिरहोर परिवारों का सब्र आखिरकार जवाब दे गया। अपनी पीड़ा और समस्याओं को लेकर वे समाहरणालय पहुंचे। दरअसल, अपनी विभिन्न मांगों को लेकर बिरहोर आदिम जनजाति के सदस्यों और स्थानीय ग्रामीणों ने समाहरणालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने उपायुक्त को लिखित आवेदन सौंपकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया। आवेदन सौंपने के बाद सभी लोग शांतिपूर्ण तरीके से धरने पर बैठ गए और अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाई।
उपायुक्त ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त स्वयं धरना स्थल पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने बिरहोर परिवारों और ग्रामीणों को अपने कार्यालय कक्ष में बुलाकर उनकी समस्याओं को विस्तार से सुना। इस दौरान ग्रामीणों ने अपनी परेशानियों और गांव में मौजूद बुनियादी सुविधाओं की कमी से उपायुक्त को अवगत कराया। इस दौरान आवास, पेयजल, सड़क, राशन, सोलर लाइट, आंगनबाड़ी, आधार कार्ड, मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना, गांव की चारदीवारी, बैंक खाते, आयुष्मान आरोग्य मंदिर और शिक्षकों की उपलब्धता समेत कई बुनियादी मुद्दे सामने आए। ग्रामीणों का कहना था कि वे आज भी कई ऐसी सरकारी सुविधाओं से महरूम हैं, जिन्हें हर नागरिक तक पहुंचाना शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी है।
आश्वासन नहीं, अब धरातल पर विकास की उम्मीद
उपायुक्त ने ग्रामीणों की सभी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए भरोसा दिलाया कि आगामी 28 नवंबर को वे स्वयं गांव पहुंचेंगे। इस दौरान गांव की जमीनी हकीकत का जायजा लिया जाएगा और समस्याओं के समाधान के लिए ठोस पहल की जाएगी। उपायुक्त के इस आश्वासन के बाद बिरहोर समुदाय और ग्रामीणों ने फिलहाल अपना धरना 28 नवंबर तक स्थगित करने का निर्णय लिया है। हालांकि, अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या 28 नवंबर का प्रशासनिक दौरा बिरहोर परिवारों की वर्षों पुरानी बदहाली की तस्वीर बदल पाएगा? क्या सरकारी योजनाओं की फाइलों से निकलकर विकास की रोशनी वास्तव में इन परिवारों के घरों तक पहुंचेगी? बिरहोर समुदाय को अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि अपने जीवन में बदलाव चाहिए। सुविधाओं के नाम पर वादे नहीं, बल्कि धरातल पर विकास चाहिए।