रामगढ़:
Ramgrah News: बरकाकाना ओपी क्षेत्र में सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब ओवरब्रिज पर स्टंट करने के बाद तीन युवक तेज रफ्तार में बरकाकाना की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक आगे चल रही कार से पीछे से टकरा गई। मृतक की पहचान 22 वर्षीय राज भुइया के रूप में हुई है। वहीं, 24 वर्षीय विक्की भुइयां गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों रामगढ़ के कटेलिया बेड़ा वार्ड नंबर सात के निवासी हैं।
ओवरब्रिज पर स्टंट के बाद तेज रफ्तार में निकले युवक
स्थानीय लोगों के अनुसार, तीन युवक एक बाइक पर सवार होकर ओवरब्रिज पर स्टंट कर रहे थे। इसके बाद वे तेज रफ्तार में बरकाकाना की ओर बढ़ने लगे। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर आगे चल रही कार से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए।

जीप से सदर अस्पताल पहुंचाया गया घायल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए राज भुइया और विक्की भुइयां को जीप से रामगढ़ सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने राज भुइया को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल विक्की भुइयां का इलाज जारी है। बाइक पर पीछे बैठा तीसरा युवक भी हादसे में घायल हुआ था, लेकिन उसे मामूली चोट आई। इसके बाद वह मौके से चला गया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक जब्त की
घटना की सूचना मिलने पर बरकाकाना ओपी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को अपने कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया। हादसे में शामिल बाइक का नंबर JH 0 G Q 4248 और कार का नंबर JH 24P 9800 बताया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रामगढ़ में रात आठ बजे के बाद बंजारी मंदिर ओवरब्रिज, रेलवे पुल और कॉलेज के आसपास बाइक सवारों को स्टंट करते देखा जाता है। तेज रफ्तार में बाइक चलाने और सड़क पर करतब दिखाने से इन इलाकों में दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। बरकाकाना में हुए इस हादसे ने एक बार फिर बाइक सवारों की लापरवाही और सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों ने ऐसे संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की निगरानी बढ़ाने और स्टंट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।