गोड्डा :
Godda News: गोड्डा जिले के ललमटिया थाना क्षेत्र अंतर्गत डहुआ गांव में 12 वर्षीय नाबालिग बच्ची की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। बच्ची का शव बहियार में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान नीतू मरांडी, पिता तलवा मरांडी के रूप में हुई है। शव से सिर गायब होने की बात सामने आने के बाद घटना को लेकर ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है।

रात में घर से निकाली गई बच्ची, सुबह मिला शव
मिली जानकारी के अनुसार, नीतू मरांडी रात में अपने माता-पिता के साथ घर में सो रही थी। बताया जा रहा है कि देर रात उसे घर से निकालकर पीछे की ओर ले जाया गया। वहां कथित तौर पर धारदार हथियार से उसका सिर धड़ से अलग कर दिया गया। घटना के बाद बच्ची का सिर गायब बताया जा रहा है।

बहियार में शव मिलने से गांव में मचा हड़कंप
सुबह बच्ची का शव बहियार में मिलने की खबर फैलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद ग्रामीणों में भय और आक्रोश व्याप्त है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।
पुलिस ने शुरू की जांच, हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही ललमटिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह और वारदात को अंजाम देने वाले व्यक्ति की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है।
हत्या की वजह और बच्ची के सिर की तलाश जारी
12 वर्षीय मासूम बच्ची की हत्या किसने और किस वजह से की? बच्ची का सिर कहां है? इन सवालों का जवाब फिलहाल सामने नहीं आया है। पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। अब ग्रामीणों की निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं।