द फॉलोअप/ रांची:
Jharkhand News: आदिवासी नेत्री निशा भगत की मौत के मामले में सीबीआई ने रविवार को सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता शिशिर राज का बयान दर्ज किया। निशा भगत ने आत्महत्या से कुछ घंटे पहले शिशिर राज से फोन पर बातचीत की थी। इस दौरान उन्होंने अजय तिर्की के खिलाफ केस दर्ज कराने को लेकर कानूनी सलाह मांगी थी।
अजय तिर्की के खिलाफ केस करने को लेकर मांगी थी सलाह
शिशिर राज के अनुसार, निशा भगत ने फोन पर उनसे अजय तिर्की के खिलाफ केस करने को लेकर सलाह मांगी थी। उन्होंने मामले को समझने के बाद जानकारी देने की बात कही थी। इसके बाद निशा भगत ने दोबारा फोन किया, लेकिन उस वक्त शिशिर राज एयरपोर्ट के लिए निकल चुके थे। रास्ते में आवाज स्पष्ट नहीं सुनाई देने के कारण उन्होंने एयरपोर्ट पहुंचकर फोन करने की बात कहकर कॉल काट दिया।
दोबारा फोन करने पर नहीं लगा कॉल
शिशिर राज ने बताया कि एयरपोर्ट पहुंचने के बाद उन्होंने निशा भगत को फोन करने की कोशिश की, लेकिन फोन नहीं लगा। इसके बाद उन्हें निशा भगत की मौत की खबर मिली। उन्होंने दूसरे माध्यम से भी इस खबर की पुष्टि की। इस मामले में सीबीआई के जांच अधिकारी के साथ टीम के नेतृत्वकर्ता डीआईजी (दिल्ली) ने भी शिशिर राज से पूछताछ की। शिशिर राज ने निशा भगत की मौत पर हैरानी जताते हुए कहा कि उन्हें विश्वास नहीं हो रहा कि इतनी बोल्ड महिला आत्महत्या कर सकती है।