रांचीः
प्रत्येक बीस किलोमीटर पर भाषा बदल जाती है. ऐसे में भाषा का संरक्षण जरूरी है. इसके लिए जनजातीय/क्षेत्रीय भाषा एकेडमी का गठन हो. यह बातें विधायक बंधु तिर्की ने कही. वह सदन में शिक्षा विभाग के अनुदान मांग पर चर्चा के दौरान बोल रहे थे. उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रमंडल में भाषा एकेडमी का गठन जरूरी है।

जंगलों में सरना आदिवासी बच्चे चला रहे विद्यालय
बंधु तिर्की ने कहा कि सुदूर जंगलों में सरना आदिवासी बच्चे विद्यालय चला रहे हैं. कच्चे मकानों में, झोपड़ी में यह स्कूल चल रहे हैं. मैं सरकार से मांग करता हूँ कि इन विद्यालयों को भी चिन्हित कर मदरसा की तरह अनुदान राशि दिया जाय।

गैर शैक्षणिक कार्य से मुक्त हों शिक्षक
बंधु तिर्की ने कहा कि शिक्षकों को गैर शैक्षणिक कार्य से दूर रखा जाय. गैर शैक्षणिक कार्य मे लगाने से पठन-पाठन पर प्रभाव पड़ता है. शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति दूसरे काम मे नहीं हो.

शिक्षकों का स्थानांतरण हो
बंधु तिर्की ने कहा कि बीते 3 साल से शिक्षकों का स्थानांतरण और पदस्थापना नहीं हुआ है. मौजूदा व्यवस्था पोर्टल के माध्यम से होता है, जिसमें कई विसंगतियां हैं. मौजूदा व्यवस्था को रद्द कर शिक्षकों का स्थानांतरण और पदस्थापना हो.