द फॉलोअप डेस्क
झामुमो महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा है कि प्रतिपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी पिछले कुछ दिनों से काफी व्याकुल हैं। कोयला-लोहा चोरी को लेकर रोज अनर्गल ब्यान दे रहे हैं। फेस टाइम पर संगठित अपराध की बात कर रहे हैं। लेकिन लालबाबू से फेस टू फेस की बात भूल जा रहे हैं। उन्हें स्पष्ट करना चाहिए कि धनबाद के कोयला कारोबारी लालबाबू सिंह (एलबी सिंह) से उनका क्या संबंध है। क्योंकि लालबाबू सिंह का बाबूलाल मरांडी से अतरंग संबंध जग जाहिर है। लालबाबू सिंह के साथ बाबूलाल मरांडी की तसवीरें सार्वजनिक है। भाजपा से लालबाबू सिंह के संबंध भी सार्वजनिक हैं। इतना ही नहीं ईडी को भी स्पष्ट करना चाहिए कि लालबाबू सिंह के यहां क्या क्या मिला। कौन कौन से डिजिटल इन्फॉर्मेशन नष्ट किए गए।

सुप्रियो भट्टाचार्य ने सवाल उठाया कि छापेमारी के बाद एलबी सिंह को क्यों नहीं गिरफ्तार किया गया। डिजिटल इन्फॉर्मेशन क्यों नष्ट किए गए। लेकिन यह सारा कुछ बाबूलाल मरांडी के लालबाबू सिंह के साथ संबंधों के कारण किया गया। उन्होंने ईडी को भी चेताया कि वह निष्पक्ष और पारदर्शी कार्रवाई करे। चेहरा देख कर कार्रवाई करना बंद करे। उन्होंने यहां तक आरोप लगाया कि कोयला, लोहा, जमीन या अन्य तरह का कोई भी माफिया हो, उसके तार हरमू रोड स्थित भाजपा मुख्यालय से जुड़ा है। सुप्रियो भट्टाचार्य आज पार्टी कार्यालय में मीडिया से बातचीत कर रहे थे।

सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि ईडी की टीम जब मुख्यमंत्री आवास पहुंची थी तो सीआरपीएफ के जवानों ने पूरे आवास को घेर लिया। ईडी की टीम सीधे मुख्यमंत्री के घर में घुस गयी। लेकिन धनबाद में जब ईडी की टीम पहुंची तो एलबी सिंह ने अपने पालतू कुत्तों को छोड़ दिया। दो घंटे तक घर का दरवाजा बंद रखा गया। इतना ही नहीं ईडी को जो डायरी मिली, उसमें बीएलएम नामक व्यक्ति के आगे करोड़ों की राशि के लेन देन की बात दर्ज है।
सुप्रियो ने कहा कि बाबूलाल मरांडी रोज अनर्गल प्रलाप कर रहे हैं। लेकिन इस संबंध में उन्होंने पिछले दिनों ही कहा था, सरकारी कर्मचारी-अधिकारी बाबूलाल मरांडी के सहायतार्थ अपने वेतन राशि का कुछ भाग उन्हें दें। क्योंकि जब उन्हें कट मनी नहीं पहुंचता तो वह अनर्गल प्रलाप करने लगते हैं। सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि दुख यह भी है कि जिसे बाबूलाल मरांडी ने अंगुली पकड़ कर राजनीति का ककहरा सिखाया। आज वह गुरु बन बैठा है। पहले कार्यक्षेत्र छोटा था, सांसद बनने के बाद कार्य क्षेत्र बहुत बड़ा भी हो गया है। भाजपा के आरोप पत्र पर सुप्रियो ने कहा कि उसके पास 2050 तक केवल आरोप पत्र रहेगा और हेमंत सरकार के साथ जनता का आशीर्वाद।
