logo

आंदोलनरत छात्रों के लिए बाबूलाल मरांडी ने की मुख्य सचिव से बात, बोले- टेंट लगाने की अनुमति नहीं मिली तो खुद पहुंच जाऊंगा

वदवह2.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में JPSC परीक्षा में कथित तौर पर सीट बेचे जाने के विरोध में आंदोलन कर रहे हजारों छात्रों के समर्थन में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी खुलकर सामने आए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि आंदोलनरत छात्र पूरी रात मूसलाधार बारिश के बीच खुले आसमान के नीचे धरने पर बैठे रहे। उन्होंने इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि जिला प्रशासन ने छात्रों को टेंट तक लगाने की अनुमति नहीं दी। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि अपने भविष्य के लिए शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से संघर्ष कर रहे छात्रों के साथ ऐसा व्यवहार बेहद अमानवीय और असंवेदनशील है। 


मुख्य सचिव से की बात, छात्रों को बताया झारखंड का भविष्य
बाबूलाल मरांडी ने अपने पोस्ट में बताया कि उन्होंने इस पूरे मामले पर राज्य के मुख्य सचिव से बातचीत की है। उन्होंने मुख्य सचिव से स्पष्ट कहा कि आंदोलन कर रहे ये बच्चे देश और झारखंड का भविष्य हैं और उनके साथ इस तरह का अमानवीय व्यवहार किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने मांग की कि आंदोलनरत छात्रों को तत्काल टेंट लगाने की अनुमति दी जाए, ताकि वे बारिश और खराब मौसम से बच सकें।


सरकार नहीं मानी तो खुद पहुंचकर लगवाऊंगा टेंट
नेता प्रतिपक्ष ने अपनी पोस्ट में सरकार को चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि यदि इसके बाद भी सरकार छात्रों की बात नहीं सुनती और उन्हें टेंट लगाने की अनुमति नहीं देती, तो वह स्वयं आंदोलन स्थल पर पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि वह छात्रों का टेंट लगवाने में खुद श्रमदान करेंगे। बाबूलाल मरांडी के इस बयान के बाद JPSC अभ्यर्थियों के आंदोलन को लेकर राजनीतिक सरगर्मी और तेज हो गई है। फिलहाल आंदोलनरत छात्र अपनी मांगों को लेकर जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में लगातार डटे हुए हैं।

Tags - Babulal Marandi JPSC Ranchi Student Protest Jharkhand