द फॉलोअप डेस्क, रांची:
पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की मां सायरा मुंडा का 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार किया जा चुका है। अर्जुन मुंडा का अपनी मां से काफी प्रगाढ़ संबंध था। राजनीतिक जीवन में तमाम व्यस्तताओं के बावजूद उनका अपनी मां से काफी करीबी रिश्ता था। सोशल मीडिया पर समय-समय पर अर्जुन मुंडा द्वारा जारी वीडियो और तस्वीरों से पता चलता था कि मां-बेटे में कितना स्नेह है। मां के गुजरने के बाद अब अर्जुन मुंडा की सोशल मीडिया पोस्ट बताती है कि उन्हें, मां को खोने का कितना दुख है। 24 नवंबर को रात करीब 9:14 बजे उन्होंने सोशल मीडिया पर मां के साथ अपनी तस्वीर डाली और बहुत भावुक पोस्ट लिखा है।
अर्जुन मुंडा ने लिखा है भावुक पोस्ट
अर्जुन मुंडा ने लिखा कि "मां, आज भी भोर में सबसे पहले आपकी ही याद आई। आज भोर में आंख खुली तो रोज़ की तरह मन हुआ कि आपके कमरे में जाकर आपसे मिलूं। आपसे पूछूं, “मां, कैसी हैं आप?” फिर याद आया कि अब उस ओर से आपकी आवाज़ नहीं आएगी। घर में सब अपने हैं, फिर भी आज घर कितना सूना लग रहा है।
मैं घर पर रहूं या कहीं दूर, आपसे बात करना और आपका आशीर्वाद लेना मेरी रोज़ की आदत थी। कभी बस दो पल की बात होती थी। आपका हाल पूछता, आप मेरा पूछतीं, और मैं अपने दिन के कामों में लग जाता। आज सुबह बार-बार उन्हीं दो पलों की याद आती रही। काश, एक बार और आपसे बात कर पाता।
कल भोर में आंख खुलेगी तो शायद फिर सबसे पहले आपसे बात करने का मन होगा। इतने बरसों से मेरी सुबह आपसे ही तो शुरू होती थी, मां।"
मां, आज भी भोर में सबसे पहले आपकी ही याद आई आज भोर में आंख खुली तो रोज़ की तरह मन हुआ कि आपके कमरे में जाकर आपसे मिलूं। आपसे पूछूं, “मां, कैसी हैं आप?” फिर याद आया कि अब उस ओर से आपकी आवाज़ नहीं आएगी। घर में सब अपने हैं, फिर भी आज घर कितना सूना लग रहा है। https://t.co/oNngs0jpVc
— Arjun Munda (@MundaArjun) November 24, 2026
मां सायरा मुंडा के साथ काफी प्रगाढ़ संबंध था
गौरतलब है कि अर्जुन मुंडा की उनकी मां के साथ बहुत सारी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर मौजूद है। कुछ तस्वीरों में अर्जुन मुंडा अपने जन्मदिन, शादी की सालगिरह, नवरात्रि और होली जैसे त्योहारों और विशेष मौकों पर मां का आशीर्वाद लेते दिखते हैं। कुछ तस्वीरों में अर्जुन मुंडा मां सायरा मुंडा का हालचाल पूछते और उनसे गुफ्तगू करते नजर आते हैं। हाल ही में एक वीडियो में अर्जुन मुंडा मां के पास बैठकर बांसुरी बजाते दिखे थे। कुछ वीडियो वैसे हैं जहां मां-बेटा लोकगीत गाते नजर आते हैं।

23 नवंबर को टाटा मोटर्स अस्पताल में निधन
पूर्व मुख्यमंत्री व पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा की मां सायरा मुंडा का 23 नवंबर को निधन हुआ था। उन्होंने जमशेदपुर के टाटा मोटर्स अस्पताल में अंतिम सांस ली। 92 वर्ष की सायरा मुंडा उम्र संबंधी परेशानियों से जूझ रही थीं। जमशदेपुर के घोड़ाबांधा स्थित आवास में ही उनका इलाज चलता था। 23 नवंबर को ही जमशेदपुर के स्वर्णरेखा बर्निंग घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें सत्तापक्ष और विपक्ष के कई नेता शामिल हुए। सीएम हेमंत ने भी अर्जुन मुंडा को मातृशोक होने पर दुख जताया था।