logo

जुगसलाई में पहली महिला उपाध्यक्ष बनी अर्चना दुबे, हिदायत खान का आरोप- जमकर हुई हॉर्स ट्रेंडिंग 

ोीमपह.jpg

द फॉलोअप डेस्क

जुगसलाई नगर परिषद के उपाध्यक्ष पद के चुनाव में वार्ड-21 की पार्षद अर्चना दुबे कुल 22 में से 11 वोट लाकर पहली महिला उपाध्यक्ष बनीं हैं। वहीं उपाध्यक्ष के लिए नामांकन करने वाले अन्य उम्मीदवारों में वार्ड-18 के पार्षद कारोबारी सुरेश शर्मा उर्फ लीपू शर्मा को 06 वोट, वार्ड-2 के पार्षद इरशाद हैदर को 03 वोट, जबकि वार्ड-4 से नामांकन भरने वाले पार्षद राहत हुसैन उर्फ मोना को मात्र 02 वोट मिले है। इस बड़ी जीत के बाद अर्चना दुबे के समर्थकों में खुशी और जश्न का माहौल है। इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष अर्चना दुबे ने कहा कि जीत से काफी प्रसन्न हूं। सभी के सहयोग से ये जीत मिली हैं। उन्होंने आगे कहा कि जुगसलाई में नारी शक्ति को सशक्त करने की दिशा में काम करूंगी। इसके अलावा शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र को बेहतर करने की दिशा में काम करना मेरी प्राथमिकता होगी। साथ ही जुगसलाई की जनता की जो भी जरूरतें होंगी, उन्हें प्राथमिकता के तौर पर पूरा किया जायेगा। इसके लिये उन्होंने जुगसलाई की अध्यक्ष नौशीन खान समेत सभी वार्ड पार्षदों के साथ मिलकर काम करने की बात कही।

वहीं उपाध्यक्ष के चुनाव का परिणाम आने के बाद जुगसलाई की अध्यक्ष नौशीन खान के पति झारखंड अल्पसंख्यक आयोग के चेयरमैन हिदायतुल्लाह खान ने कई गंभीर आरोप लगाये है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव में जीत हार होता है, मैं अपने प्रत्याशी की हार स्वीकार करता हूं। लेकिन, यहां पर उपाध्यक्ष के चुनाव में जो कुछ भी हुआ, वो किसी भी हाल में हजम होने वाली चीज नहीं है। 

मुस्लिम क्षेत्र के हमारे दस पार्षद, जो हमारे लिए जान लगाए हुए थे, उनमें से पांच पार्षदों ने हमें वोट नहीं दिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि उपाध्यक्ष के चुनाव को लेकर यहां हफ्ते भर से जमकर हॉर्स ट्रेंडिंग का खेल चल रहा था। रामडा में किसके नाम से कमरा बुक करके पार्षदों की खरीद फरोख्त की जा रही थी, यह जांच का विषय है। उन्होंने आगे कहा कि सीनियर एसपी को उनके द्वारा फोन करके हॉर्स ट्रेंडिंग की जानकारी दी गई थी और सरकार को पत्र लिखकर भी पूरे मामले से अवगत कराया गया था। लेकिन, बावजूद इसके कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस छोटे चुनाव में भी पूरी तरह पैसे का खेल हुआ है। लोगों को पैसे देकर, लालच देकर अपनी ओर किया गया है। इतना ही नहीं, यहां पर भी पैसों का लेन-देन हुआ है।