जमशेदपुर
जमशेदपुर पहुंचे बेरमो विधायक एवं कांग्रेस नेता कुमार अनूप सिंह ने टाटा स्टील के कर्मचारियों को 315 करोड़ रुपये बोनस दिये जाने पर खुशी जताते हुए कंपनी की कार्यशैली की सराहना की। गुरुवार को जमशेदपुर परिसदन में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि टाटा देश की उन प्रमुख कंपनियों में शामिल है, जो अपने कर्मचारियों को सबसे पहले बोनस देने की परंपरा निभाती है। उन्होंने बोनस समझौते के लिए टाटा स्टील के कर्मचारियों और यूनियन नेताओं को बधाई दी। हालांकि, इस बार सेफ्टी बोनस नहीं मिलने पर उन्होंने दुख भी जताया। अनूप सिंह ने कहा कि एक समय टाटा कंपनी का मुनाफा करीब 314-315 करोड़ रुपये हुआ करता था, जबकि आज इतनी बड़ी राशि कर्मचारियों के बीच बोनस के रूप में बांटी जा रही है। उन्होंने कहा कि टाटा सिर्फ एक कंपनी नहीं, बल्कि हिंदुस्तान को आगे बढ़ाने की सोच है। इस दौरान उन्होंने टाटा समूह के दिवंगत चेयरमैन रतन टाटा को भी याद किया। कांग्रेस नेता ने टाटा को केंद्र सरकार से पर्याप्त सहयोग नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए कहा कि टाटा देश की पुरानी और महत्वपूर्ण कंपनियों में शामिल है। ऐसी कंपनियों को आगे बढ़ने और मजबूती से काम करने के लिए सरकार का बेहतर सहयोग मिलना चाहिए।

सेस से राज्य सरकार को लाभ मिलता था
सेस हटाने के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरते हुए अनूप सिंह ने कहा कि पहले सेस से राज्य सरकार को लाभ मिलता था, लेकिन केंद्र सरकार इसे खत्म कर रही है। उन्होंने दावा किया कि इससे उद्योगपतियों को फायदा होगा और भविष्य में यह बड़े घोटाले का कारण बन सकता है। उन्होंने पर्यावरण और खनिज संपदा के सवाल पर भी केंद्र की नीतियों पर निशाना साधा। कहा कि केंद्र सरकार पर्यावरण संरक्षण की बात करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर अपेक्षित काम नहीं हो रहा है। देश के पास मौजूद खनिज संपदा को विकास का आधार बनाना होगा। खनिज संसाधनों के मामले में भारत चीन पर निर्भर नहीं रह सकता।

कांग्रेस के बारे में क्या कहा
कांग्रेस की विचारधारा पर बात करते हुए अनूप सिंह ने कहा कि पार्टी जाति, धर्म और राज्य की सीमाओं से ऊपर उठकर हिंदुस्तान की विचारधारा को धरातल पर उतारने का काम कर रही है। इससे पहले जमशेदपुर के चमरिया गेस्ट हाउस पहुंचने पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अनूप सिंह का स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट करने के साथ शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।

हमारे व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/HH6GR1oBwB77Vy5eBcnoFo