logo

कांग्रेस के सभी 8 नाराज विधायक दिल्ली से पहुंचे रांची, अंबा ने कहा- बदलाव का आश्वासन मिला है 

CONG2102.jpeg


रांची 

कांग्रेस के नाराज 8 विधायक दिल्ली से रांची पहुंच गये हैं। इन विधायकों ने कहा है कि दिल्ली में सीनियर नेताओं से बातचीत में बदलाव के आश्वासन मिले हैं। वहीं, रांची के बिरसा एयरपोर्ट पर कांग्रेस की बड़कागांव विधाक अंबा प्रसाद ने कहा कि दिल्ली में केसी वेणुगोपाल और उमंग सिंघार से चंपाई कैबिनेट में कांग्रेसी मंत्रियों के बदलने पर बात हुई। कहा कि नेताओं ने बदलाव के लिए सकारात्मक संकेत दिये हैं। 

 

क्या कहा इरफान ने 

वहीं जामताड़ा के कांग्रेस विधायक इरफान अंसारी ने कहा कि हम दिल्ली मंत्री का पद मांगने नहीं गये थे। पार्टी कार्यकर्ताओं और जनता की भावनाओं को दिल्ली तक पहुंचाने गये थे। इरफान ने आगे कहा कि दिल्ली में वेणुगोपाल औऱ सिंघार से बातचीत का असर होगा। कहा कि आने वाले दिनों में मंत्रिमंडल और संगठन, दोनों स्तर पर आपको बदलाव दिखई देंगे। 

क्या कहा राजेश कच्छप ने 

वहीं कांग्रेस के खिजरी विधायक राजेश कच्छप ने कहा कि दिल्ली में वेणुगोपाल से उन्होंने झारखंड के कांग्रेसी मंत्रियों की स्थिति, पार्टी की स्थिति और पार्टी के संगठनों की स्थिति को एक-एक कर अवगत कराया। कच्छप ने कहा कि उन्होंने वेणुगोपाल से प्रदेश में कांग्रेस का जनाधार बनाये रखने की बात कही। कहा कि अगर पार्टी के कार्यकर्ता कांग्रेस के जनाधार को बचाये रखने के लिए बदलाव की मांग करते हैं, तो इस पर ध्यान दिया जाना चाहिये। कहा कि पार्टी के लिए जनहित सबसे अधिक जरूरी है। कच्छप के मुताबिक मंत्रिमंडल में चेहरों को बदलने की दिशा में उनको सकारात्मक भरोसा मिला है। कहा कि बजट सत्र के दौरान अगर मांग पूरी नहीं हुई तो कांग्रेस विधायक फिर दिल्ली जायेंगे। 

क्या कहा उमाशंकर सिंह ने 

बरही विधायक उमाशंकर सिंह ने कहा कि उन्होंने पार्टी के शीर्ष नेताओं तक अपनी बात रख दी है। कहा कि हमने वेणुगोपाल से कहा कि पार्टी की मजबूती के लिए जरूरी कदम उठाये जाने चाहिये। लेकिन जरूरी कदम क्या होंगे, ये पूछने पर सिंह ने इसे पार्टी का अंदरूनी मामला बताया और आगे कुछ कहने से इनकार किया। 

हमें फॉलो करने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें -

https://chat.whatsapp.com/H6JHUZV9z0LIcfjbcYlVDn