द फॉलोअप डेस्क
सरायकेला खरसावां के चांडिल थाना क्षेत्र के रांची-जमशेदपुर मुख्य सड़क NH पर भादुडीह के पास मंगलवार शाम करीब 4 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में कक्षा पांचवीं में पढ़ने वाले 10 वर्षीय विष्णु गोराई की मौत हो गई। बच्चा ट्यूशन से घर लौट रहा था, तभी गिट्टी से लदे एक तेज रफ्तार 407 मालवाहन ने उसे कुचल दिया। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने बच्चे को एक सफेद कार से टाटा मेन अस्पताल जमशेदपुर भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक विष्णु अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। घटना के बाद घर में मातम और क्षेत्र में शोक का माहौल है।
वाहन पर ‘HLM’ लिखा होने से बड़ा विवाद
दूसरी ओर हादसे के तुरंत बाद मामला राजनीतिक रंग लेने लगा। ग्रामीणों का आरोप है कि दुर्घटना करने वाले वाहन पर HLM लिखा हुआ था और इसका संबंध आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव हरेलाल महतो से बताया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप यह भी है कि घटना के तुरंत बाद मामले को दबाने की कोशिश की गई और स्थानीय पुलिस को सही जानकारी समय पर नहीं दी गई।.jpg)
घटना के बाद 407 वाहन चालक वाहन लेकर भागने की कोशिश में करीब एक किलोमीटर आगे क्रेशर रोड की ओर अनियंत्रित होकर पलट गया। वहीं, चालक मौके से फरार हो गया। बाद में वाहन को हाइड्रा की मदद से सड़क किनारे हटाया गया।
हादसे की जानकारी मिलते ही भादुडीह के ग्रामीणों में आक्रोश और विरोध देखने को मिला। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि क्या राजनीतिक प्रभाव के चलते स्थानीय तंत्र सक्रिय नहीं हुआ और क्या मामले को शुरूआत में ही दबाने की कोशिश हुई? ग्रामीणों का कहना है कि यह पहला मामला नहीं है जब HLM लिखे वाहन से दुर्घटना हुई हो। पूर्व में हुए मिलन चौक की घटना का भी जिक्र किया जा रहा है, जिसमें हरेलाल महतो का नाम सामने आया था।