द फॉलोअप डेस्क
हजारीबाग के टाटीझरिया इलाके में एक हाथी ने एक महिला पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गयी। घटना के समय महिला साप्ताहिक बाजार से घऱ लौट रही थी। मृतका की पहचान धर्मपुर पंचायत के खंभवा गांव निवासी मोसोमात लाजवंती के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार मोसोमात लाजवंती अपने भतीजे के साथ बाइक पर सवार होकर बाजार से लौट रही थी। जैसे ही वे अमनारी जंगल के पास पहुंचे, एक जंगली हाथी ने उन्हें दौड़ा लिया। इस दौरान लाजवंती बाइक से गिर गयी, जबकि उसका भतीजा बाइक चलाते हुए घर पहुंच गया, उसे इस बात का पता नहीं चल पाया।
महिला के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। देर रात करीब एक बजे उसका शव अमनारी जंगल में एक झाड़ी से घिरे गड्ढे में मिला। सूचना मिलते ही टाटीझरिया थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी और फॉरेस्टर विद्या भूषण मौके पर पहुंचे। घटना से गुस्साए परिजनों ने मुआवजे की मांग की। इस पर रेंजर एस.एन. तिवारी ने तत्काल सहायता के तौर पर अंतिम संस्कार के लिए 50 हजार रुपये दिए। अधिकारियों ने बताया कि परिजनों को आगे मुआवजे की पूरी राशि दी जाएगी। फिलहाल शव को थाना में रखा गया है और कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा जाएगा।