रांची
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने अहमदाबाद में हुए विमान हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। इस हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी के निधन की खबर सामने आई है। रघुवर दास ने इसे भारतीय राजनीति के लिए "अपूरणीय क्षति" बताया है। उन्होंने कहा, "अहमदाबाद में हुए विमान हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी के दुखद निधन से मन व्यथित है। उनका जाना भारतीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है।"
दास ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए कहा, "बाबा बैद्यनाथ दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान एवं उनके परिवारजनों को संबल प्रदान करें।"
इधर, अहमदाबाद में एयर इंडिया के विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने और यात्रियों तथा आम लोगों के हताहत होने पर आजसू प्रमुख सुदेश महतो ने गहरी संवेदना जाहिर की है और कहा है कि लंदन जा रहे एयर इंडिया के विमान का अहमदाबाद हवाई अड्डे पर दुर्घटनाग्रस्त होना अत्यंत पीड़ादायक और मन को विचलित करने वाली घटना है। महतो ने कहा कि इस कठिन घड़ी में उनकी संवेदनाएं सभी पीड़ितों और उनके परिजनों के साथ हैं। भविष्य में ऐसे हादसे न हों, इसके लिए विशेष कदम उठाए जाने चाहिए तथा सुरक्षित प्रणाली विकसित की जाए। पार्टी के अन्य नेताओं सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी, विधायक निर्मल महतो, पूर्व विधायक लंबोदर महतो, डॉ देवशरण भगत, प्रवीण प्रभाकर, हसन अंसारी, डोमन सिंह मुंडा आदि ने भी हादसे पर दुःख जताया है।