logo

सड़क खराब होने के कारण एंबुलेंस ने आने से किया इनकार, 9 साल की बच्ची की मौत

AMBULANCEE.jpg

द फॉलोअप डेस्क 
जमशेदपुर के पटमदा के बोड़ाम प्रखंड के गौरडीह गांव में सड़क की बदहाली ने एक मासूम की जान ले ली। पेट दर्द से तड़प रही 9 वर्षीय पूजा महतो की इलाज के अभाव में मौत हो गई। परिजनों ने घंटों तक उसे अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, मगर खस्ताहाल सड़क ने उनका रास्ता रोक लिया। 

मिली जानकारी के अनुसार पूजा को पेट में तेज दर्द होने के बाद अस्पताल ले जाने की तैयारी की गई, पर एंबुलेंस और निजी वाहनों ने खराब सड़क का हवाला देकर आने से इनकार कर दिया। गांव तक पहुंचने वाला रास्ता इतना जर्जर है कि कोई वाहन उसमें चल नहीं सकता। इलाज के बिना ही बच्ची ने दम तोड़ दिया। गौरडीह से चिरूडीह-माधवपुर तक 7.5 किलोमीटर लंबी सड़क में से सिर्फ 2.5 किमी ही ठीक है। बाकी हिस्से पर कालीकरण की परत उखड़ चुकी है, जिससे रास्ते पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। बारिश में ये गड्ढे और जानलेवा हो गए हैं। स्थानीय लोग मजबूरी में घरों से निकलने के लिए वैकल्पिक रास्ते खोजते हैं।

करीब 6 महीने पहले गौरडीह पंचायत के मुखिया ने भाजपा नेताओं के साथ सांसद विद्युत वरण महतो को ज्ञापन सौंपा था। सड़क पर स्लैग डालने की मांग की गई थी ताकि कम से कम आपात स्थिति में एंबुलेंस या वाहन पहुंच सकें। अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। बच्ची की मौत के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने कहा कि अगर समय पर सड़क की मरम्मत होती, तो पूजा की जान बचाई जा सकती थी। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत नहीं की गई, तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

Tags - Jharkhand News Jamshedpur News Jamshedpur Hindi News Jamshedpur Latest News