logo

जामताड़ा में एक करोड़ से संवारे गए तालाब पर कब्जे का आरोप, ईंट की दीवार से की गई घेराबंदी

जामताड़ा में एक करोड़ से संवारे गए तालाब पर कब्जे का आरोप, ईंट की दीवार से की गई घेराबंदी

जामताड़ा:
Jamtara News:
जामताड़ा नगर पंचायत क्षेत्र में सरकारी धन से कराए गए विकास कार्यों की सुरक्षा पर बड़ा सवालिया निशान लग गया है। वार्ड नंबर 12 के गायछांद स्थित करीब एक करोड़ रुपये की लागत से जीर्णोद्धार किए गए सार्वजनिक तालाब को भू-माफियाओं और दबंगों द्वारा कथित रूप से अतिक्रमण कर लिए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दबंगों ने तालाब के चारों ओर ईंट की दीवार खड़ी कर उसे अपने कब्जे में ले लिया है। इस मामले का खुलासा नगर पंचायत कार्यालय में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता ने किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2022-23 में 15वें वित्त आयोग की योजना के तहत गायछांद मोहल्ले में नर्सरी के बगल वाले तालाब का जीर्णोद्धार कराया गया था। इस कार्य पर लगभग एक करोड़ रुपये खर्च किए गए थे, ताकि तालाब का संरक्षण हो सके और स्थानीय नागरिकों को इसका लाभ मिल सके। अध्यक्ष ने हैरानी जताते हुए कहा कि स्थानीय लोगों से मिल रही शिकायतों के बाद जब उन्होंने अपने स्तर पर जांच की, तो पता चला कि यह तालाब भू-माफियाओं के कब्जे में जा चुका है और इसके चारों तरफ दीवार खड़ी कर दी गई है। उन्होंने इसे आम जनता के हितों के साथ सीधा खिलवाड़ बताया है।

उपायुक्त को लिखा गया पत्र
मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता ने जामताड़ा के उपायुक्त आलोक कुमार को एक औपचारिक पत्र लिखकर पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि तालाब को जल्द से जल्द अतिक्रमण मुक्त कराया जाए और इस अवैध कब्जे में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। वहीं, इस पूरे विवाद पर नगर पंचायत की कार्यपालक पदाधिकारी सोमा खंडैत ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वार्ड नंबर 12 के तालाब के जीर्णोद्धार और उसकी घेराबंदी से जुड़ा यह मामला उनके संज्ञान में आ चुका है। किसी भी सार्वजनिक संपत्ति या तालाब की इस तरह से घेराबंदी करना कानूनी रूप से पूरी तरह गलत है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह मामला करीब दो साल पुराना है और इसकी विस्तृत जांच की तैयारी की जा रही है। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद नियमों के तहत उचित कार्रवाई करते हुए तालाब को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा।

Tags - Jamtara NewsJharkhand NewsPond EncroachmentAsha GuptaJamtara Nagar Panchayat