logo

स्थापना दिवस समारोह टालने पर भड़के आजसू नेता प्रवीण प्रभाकर, बोले- यह शहीदों का अपमान

स्थापना दिवस समारोह टालने पर भड़के आजसू नेता प्रवीण प्रभाकर, बोले- यह शहीदों का अपमान

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

झारखंड स्थापना दिवस समारोह की तारीख में बदलाव को लेकर राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। आजसू(AJSU) के केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर ने इस फैसले पर नाराजगी जताते हुए राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस समारोह को टालना झारखंड(Jharkhand) के शहीदों और आंदोलनकारियों के बलिदान का अपमान है। प्रवीण प्रभाकर ने झामुमो पर भी हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि वर्ष 1993 में कांग्रेस सरकार को बचाने के लिए हुई राजनीतिक सौदेबाजी के कारण झारखंड अलग राज्य बनने का अवसर गंवा बैठा। उन्होंने कहा कि यदि उस समय झामुमो ने समझौता नहीं किया होता, तो झारखंड का गठन उसी समय हो सकता था। 

राज्य की पहचान और जनभावनाओं के साथ खिलवाड़
प्रवीण प्रभाकर ने कहा कि 15 नवंबर झारखंड के लिए सिर्फ एक तारीख नहीं है। यह धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के साथ राज्य के लंबे संघर्ष, आंदोलन और शहादत की याद दिलाता है। इसी दिन वर्ष 2000 में अलग झारखंड राज्य का सपना साकार हुआ था। ऐसे ऐतिहासिक दिन के समारोह की तारीख बदलना राज्य की पहचान और जनभावनाओं के साथ खिलवाड़ है।

उन्होंने राज्य सरकार पर आरोप लगाया कि वह अपनी प्रशासनिक विफलताओं और चुनावी वादों को पूरा नहीं कर पाने से ध्यान हटाने के लिए स्थापना दिवस की परंपरा से छेड़छाड़ कर रही है। प्रवीण प्रभाकर ने स्पष्ट कहा कि झारखंड का इतिहास आंदोलनकारियों के संघर्ष और शहीदों के बलिदान से जुड़ा है। सत्ता में बैठी कोई भी सरकार इस विरासत और राज्य की भावनाओं को नजरअंदाज नहीं कर सकती।

Tags - Jharkhand Foundation Day AJSU Party Praveen Prabhakar Jharkhand Politics