logo

EVM से लेकर SIR तक, कांग्रेस पर आदित्य साहू का तीखा हमला; राहुल गांधी को घेरा

EVM से लेकर SIR तक, कांग्रेस पर आदित्य साहू का तीखा हमला; राहुल गांधी को घेरा

द फॉलोअप डेस्क:

भाजपा के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा है। मीडिया से बातचीत में साहू ने आरोप लगाया कि कांग्रेस देशभर में भ्रम और गलत जानकारी फैलाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि SIR को लेकर राहुल गांधी की ओर से लगाए गए आरोप निराधार और भ्रामक हैं। साहू के मुताबिक, चुनाव आयोग इस पूरी प्रक्रिया को लेकर स्थिति स्पष्ट कर चुका है और देश में इससे पहले भी कई बार SIR की प्रक्रिया हो चुकी है।

विदेश जाकर संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने का आरोप

आदित्य साहू ने राहुल गांधी के विदेशों में दिए गए बयानों पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि विदेश जाकर सुप्रीम कोर्ट और देश की संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाना उचित नहीं है। साहू ने कहा कि राहुल गांधी को देश में रहकर मुद्दों पर बात करनी चाहिए, न कि विदेश में जाकर देश की छवि पर सवाल खड़े करने चाहिए।

एयर स्ट्राइक और राफेल का भी किया जिक्र

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने एयर स्ट्राइक, राफेल डील और सेना से जुड़े मुद्दों को लेकर भी राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि इन मुद्दों पर भी कांग्रेस नेता पहले सवाल उठा चुके हैं और इससे देश में भ्रम की स्थिति पैदा करने की कोशिश हुई।

EVM को लेकर कांग्रेस से पूछा सवाल

EVM को लेकर कांग्रेस की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर भी आदित्य साहू ने पलटवार किया। उन्होंने सवाल किया कि जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकार बनी, वहां क्या EVM सही थी। साहू ने कांग्रेस से चुनाव प्रक्रिया को लेकर लोगों को गुमराह नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है और विकास का काम लगातार जारी है।

Tags - Aditya Sahu BJP Jharkhand Aditya Sahu statement Rahul Gandhi SIR controversy