द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह सेंट्रल जेल में एक युवक ने आत्महत्या का प्रयास किया है। यह प्रयास जेल के अंदर ही किया गया। हालांकि समय रहते कारा प्रबंधन पहुंच गया और युवक की जान बच गई। युवक का गिरिडीह के सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। अस्पताल में इलाजरत युवक की पहचान गावां थाना इलाके के सेरुआ निवासी नवीन मिस्त्री (20) के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि नवीन एक नाबालिग लड़की को लेकर पिछले दिनों हैदराबाद फरार हो गया था। वहां उसने उस लड़की से शादी कर ली। इस बीच लड़की के अभिभावक ने गावां थाना में शिकायत दर्ज करवायी तो थानेदार अभिषेक कुमार के नेतृत्व में दोनों की खोजबीन शुरू की गई। पुलिस लगातार छापेमारी करती रही। जिससे नवीन पर दबाव बनने लगा। तीन दिन पूर्व नवीन उस लड़की के साथ थाना आ पहुंचा।
नवीन के सरेंडर करने के बाद पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। इस बीच शनिवार की देर शाम को कारा के अंदर ही नवीन ने आत्महत्या का प्रयास किया। हालांकि इसकी जानकारी जेल अधीक्षक हिमानी समेत अन्य को लगी। पूरा जेल प्रबंधन एक्टिव हुआ और नवीन की जान बचाते हुए सदर अस्पताल भिजवाया गया। अभी सदर के वार्ड में नवीन का इलाज चल रहा है।