logo

जमशेदपुर में खटाल में सो रहे युवक की गोली मारकर हत्या, सुबह मां ने देखी खून से लथपथ बेटे की लाश 

DEATH10.jpg

द फॉलोअप डेस्क 
जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। मृतक की पहचान रोहित कुमार सिंह (22) के रूप में हुई है। रोहित की मां ने सुबह 6 बजे उसे खून से लथपथ देखा। इसके बाद परिजन इलाज के लिए उसे टीएमएच ले गए। लेकिन डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच कर रही है। 

मिली जानकारी के अनुसार रोहित स्कूली बच्चों का वैन चलाता था। सोमवार रात को वह खटाल में सो रहा था। इसी दौरान अज्ञात अपराधी ने उसके सिर पर गोली मार दी। सुबह 6 बजे जब उसकी मां उसे उठाने आई तो देखा कि रोहित खून से लथपथ था। इसके बाद उसे आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया। यहां जांच के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

वहीं मामले की जानकारी मिलने के बाद डीएसपी तौकीर आलम और बागबेड़ा थाना प्रभारी सीपी सिन्हा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को घटनास्थल से एक खोखा मिला। पूछताछ में पुलिस को पता चला कि रोहित का पड़ोसी के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। दोनों के बीच कुछ दिन पहले झगड़ा भी हुआ था। वहीं रोहित के भाई सुनील सिंह ने एफआईआर दर्ज कर मनीष कुमार उर्फ राइडर और कुंदन सिंह पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने कहा है कि दोनों की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या के कारण का पता चल पाएगा। 


 

Tags - झारखंड न्यूज झारखंड लेटेस्ट न्यूज झारखंड हिंदी न्यूज जमशेदपुर न्यूज Jharkhand News Jharkhand Latest News Jharkhand Hindi News Jamshedpur News