द फॉलोअप डेस्क
सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत चिल्गू में बुधवार की देर शाम एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चार युवक अलग-अलग मोटरसाइकिल से चांडिल की ओर से जमशेदपुर जा रहे थे। इसी दौरान चिल्गू के पास पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार युवक सड़क पर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर फरार हो गया, जबकि मृतक के साथ चल रहे अन्य साथी युवक घटना देखकर डर के मारे मौके से भाग निकले।

स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। चांडिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर भेज दिया। पुलिस ने ट्रेलर की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। इधर, हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने बताया कि चिल्गू क्षेत्र में आए दिन तेज़ रफ्तार ट्रेलरों से दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन यातायात नियंत्रण के अभाव में स्थिति लगातार भयावह होती जा रही है। उन्होंने प्रशासन से स्पीड ब्रेकर लगाने और रात में पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग की है।
