द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह नगर थाना क्षेत्र के नेताजी चौक के पास सोमवार रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में अलकापुरी निवासी 28 वर्षीय रोहित सिंह राठौर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने सड़क पर शव रखकर घंटों जाम लगाया, जिससे शहर के कई हिस्सों में यातायात पूरी तरह चरमरा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रोहित सिंह राठौर अपनी बाइक से झंडा मैदान से घर लौट रहे थे। इससे पहले वे कोडरमा सांसद प्रतिनिधि दिनेश प्रसाद यादव को देवघर एयरपोर्ट छोड़कर लौटे थे। रात में झंडा मैदान में क्रिकेट मैच देखने के बाद जैसे ही वे नेताजी चौक पहुंचे, तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि वे बाइक समेत एक अन्य ट्रक के नीचे जा दबे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने हंगामा करते हुए नीचे दबे ट्रक को पीछा कर पकड़ लिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। आक्रोशित लोगों की मांग थी कि फरार ट्रेलर चालक को तत्काल गिरफ्तार किया जाए और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए।.jpeg)
सूचना मिलते ही एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, डीएसपी कौशर अली, नगर थाना प्रभारी ज्ञान रंजन, पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार सहित भारी पुलिस बल स्थल पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, परंतु भीड़ मांगें पूरी होने तक सड़क खाली करने को तैयार नहीं थी। इस दौरान नेताजी चौक पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और शहर का यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। काफी समझाने-बुझाने के बाद लोग शांत हुए और पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा, जिसके बाद जाम हटाया गया। घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और क्षेत्र में शोक की लहर है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नौ-एंट्री हटने के बाद भारी वाहनों की रफ्तार अनियंत्रित हो गई है, जिसके कारण हादसे बढ़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर में तेज रफ्तार वाहन लगातार दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं, लेकिन प्रशासन सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीरता नहीं बरत रहा है।