द फॉलोअप डेस्क
गुमला जिले में डायन-बिसाही के शक में एक महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गयी। घटना टाउन थाना क्षेत्र के सोसो फट्टी बगीचा टोली की है। यहां 50 वर्षीय मैनो देवी को धारदार हथियार से मारकर उसका शव खटवा नदी के किनारे बालू में दफना दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार मैनो देवी शुक्रवार से लापता थी। बेटे भीम उरांव ने टाउन थाना पुलिस को सूचना दी और मामला दर्ज कराया। जांच के दौरान पुलिस को चप्पल और तौलिया मिला, जिसके आधार पर छानबीन की गयी। पुलिस ने करमपाल लकड़ा नाम के युवक को हिरासत में लिया। पूछताछ में करमपाल ने डायन-बिसाही के शक में मैनो देवी की हत्या करने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने खटवा नदी से शव बरामद किया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
गौरतलब है कि साल 2019 में करमपाल की भाभी की सांप के काटने से मौत हो गयी थी। परिवार ने मैनो देवी पर डायन-बिसाही का आरोप लगाया था। इस मामले में पहले भी पुलिस में शिकायत दर्ज हुई थी और सुलह-समझौता किया गया था, लेकिन करमपाल के मन में बदले की आग सुलग रही थी। मौका पाते ही उसने इस घटना को अंजाम दे दिया।
पुलिस ने करमपाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव ने बताया कि हत्या के पीछे की बाकी वजहों की भी जांच की जा रही है। गुमला जिले में ज्यादातर हत्याएं जमीन विवाद, अंधविश्वास और नशे की लत के कारण होती हैं। पुलिस के साथ-साथ समाज को भी ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आगे आना होगा।