logo

सरायकेला में घर में घुसा जंगली हाथी, दीवार तोड़ी; सो रहे बच्चे और मां बाल-बाल बचे

सरायकेला में घर में घुसा जंगली हाथी, दीवार तोड़ी; सो रहे बच्चे और मां बाल-बाल बचे

सरायकेला-खरसावां:
Seraikela-Kharsawan:
सरायकेला-खरसावां जिले के ग्रामीण इलाकों में जंगली हाथियों का उत्पात लगातार जारी है। बुधवार देर रात कुकड़ू प्रखंड के पारगामा गांव में एक जंगली हाथी ने जीतू महतो के घर पर हमला कर दिया। घटना के समय उनकी पत्नी और दो बच्चे घर के अंदर सो रहे थे। अचानक हाथी के घर में घुसने से परिवार में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, सभी सदस्यों ने किसी तरह अपनी जान बचाई, लेकिन घर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

घर में घुसकर अनाज खाया, दीवार तोड़ी
परिजनों के अनुसार, हाथी ने पहले घर में रखा अनाज खाया और इसके बाद घर की दीवार तोड़ दी। हाथी के आक्रामक होने पर दोनों बच्चे खिड़की के रास्ते बाहर निकलकर किसी तरह सुरक्षित स्थान पर पहुंचे। वहीं, जीतू महतो की पत्नी घर के अंदर ही दुबककर बैठ गईं। इस दौरान महिला की जान पर भी खतरा बना रहा।

हाथी को अनाज देकर शांत करने की कोशिश
पीड़ित महिला के अनुसार, हाथी ने कई बार उनकी ओर हमला करने की कोशिश की। ऐसी स्थिति में उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए घर में रखा अनाज हाथी को देकर उसे शांत करने का प्रयास किया। इसी दौरान हाथी ने अचानक जोरदार धक्का मारा, जिससे महिला खिड़की से बाहर गिर गईं। हालांकि, इस दौरान उनकी जान बच गई। गनीमत रही कि घर की टूटी हुई दीवार परिवार के सदस्यों पर नहीं गिरी, अन्यथा बड़ी अनहोनी हो सकती थी। घटना के बाद जीतू महतो का घर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। परिवार के सामने अब रहने और खाने का संकट उत्पन्न हो गया है। घर टूटने के बाद पीड़ित परिवार के दोनों बच्चे अपनी मां के साथ आंगन में रोते-बिलखते नजर आए। परिवार के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती सुरक्षित ठिकाना तलाशने और बच्चों के भरण-पोषण की है।

वन विभाग के प्रति ग्रामीणों में नाराजगी
घटना को लेकर ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में जंगली हाथियों के गांवों में घुसने की घटनाएं लगातार हो रही हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने और उनके गांव में प्रवेश करने से पहले रोकथाम के लिए टीम को समय पर सक्रिय करने की मांग की है।

पीड़ित परिवार को तत्काल राहत देने की मांग
ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से प्रभावित परिवार को तत्काल राहत सामग्री, खाद्यान्न और रहने के लिए सुरक्षित व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों के लगातार उत्पात से लोगों की जान और संपत्ति दोनों खतरे में हैं। ऐसे में विभाग को स्थायी समाधान की दिशा में पहल करनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
 

Tags - Seraikela NewsElephant AttackJharkhand NewsWild ElephantKukru News