logo

475 फीट गहरे बोरवेल से अपने आप फूटी जलधारा, बह रहा हजारों लीटर पानी; क्या बोले ग्रामीण

475 फीट गहरे बोरवेल से अपने आप फूटी जलधारा, बह रहा हजारों लीटर पानी; क्या बोले ग्रामीण

जामताड़ा:

​जामताड़ा जिले के नाला प्रखंड अंतर्गत पंजुनिया पंचायत के नीलजुड़िया गांव में इन दिनों एक अनोखा और चौंकाने वाला दृश्य देखने को मिल रहा है। यहां एक बोरवेल से बिना किसी मोटर, पंप या बिजली के लगातार पानी अपने आप बाहर निकल रहा है। जमीन के भीतर से स्वतः फूट रही इस जलधारा को देखने के लिए आसपास ही नहीं, बल्कि दूर-दराज के गांवों से भी लोगों की भीड़ उमड़ रही है। गांव वालों के लिए यह घटना किसी अजूबे से कम नहीं है, लेकिन इस कौतूहल के बीच एक बड़ी चिंता और गंभीर सवाल भी खड़ा हो गया है। जब क्षेत्र के लोग पानी की एक-एक बूंद के लिए तरसते हैं, तब हजारों लीटर कीमती पानी बिना किसी व्यवस्था के यूं ही बहकर बर्बाद क्यों हो रहा है?

किसान भीम मंडल ने खुदवाया बोरवेल
​जानकारी के अनुसार, नीलजुड़िया गांव के किसान भीम मंडल ने अपने पोल्टी फार्म की जरूरत को पूरा करने के लिए बोरवेल कराया था। खुदाई के दौरान करीब 420 फीट की गहराई तक केवल मिट्टी और धूल ही बाहर आ रही थी। लेकिन जैसे ही बोरिंग 475 फीट तक पहुंची, अचानक जमीन के भीतर से तेज गति से पानी निकलने लगा। तब से लेकर अब तक यह सिलसिला बिना रुके जारी है। इसके लिए किसी मशीन या ऊर्जा की आवश्यकता नहीं पड़ रही है, जिससे ग्रामीण और राहगीर इसे देखकर आश्चर्यचकित हैं।

हजारों लीटर पानी बहकर हो रहा बर्बाद
​जैसे-जैसे इस घटना की खबर फैल रही है, वैसे-वैसे लोगों का आना-जाना भी बढ़ता जा रहा है। एक ओर ग्रामीण इस प्राकृतिक जलस्रोत को देखकर हैरान हैं, तो दूसरी ओर लगातार बहते पानी की बर्बादी हर किसी को खटक रही है। जिस पानी का इस्तेमाल पीने और खेतों की सिंचाई जैसे जरूरी कामों में किया जा सकता है, वह फिलहाल खुले में बहकर नष्ट हो रहा है।

पेयजल की किल्लत से जूझ रहे हैं ग्रामीण
​इस पूरे मामले की सबसे बड़ी विडंबना यह है कि एक तरफ ग्रामीण इलाकों में लोग पेयजल की किल्लत से जूझते हैं। खासकर गर्मी के दिनों में कई जगहों पर पानी के लिए लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ती है और महिलाओं व बच्चों को पानी लाने में लंबा समय देना पड़ता है। वहीं दूसरी तरफ नीलजुड़िया में जमीन से लगातार निकल रहा यह जल किसी के काम नहीं आ पा रहा है। ग्रामीणों का मानना है कि यदि इस पानी को सहेजा जाए, तो इससे कई गांवों की प्यास बुझाई जा सकती है और किसानों को सिंचाई की बड़ी सुविधा मिल सकती है।

समस्या का समाधान करने में उदासीन विभाग
​बताया जा रहा है कि पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की ओर से जल सहिया को भेजकर पानी का नमूना जांच के लिए एकत्र किया गया था। हालांकि, अब तक जांच रिपोर्ट सार्वजनिक होने या पानी के संरक्षण व उपयोग को लेकर कोई ठोस कदम सामने नहीं आया है। ग्रामीणों को आशा थी कि विभाग इस विषय को गंभीरता से लेगा और पानी की गुणवत्ता जांचने के बाद इसे सुरक्षित रखने की पहल करेगा, पर फिलहाल स्थिति जस की तस बनी हुई है।

किसान भीम मंडल ने साझा की अपनी परेशानी
​बोरवेल कराने वाले किसान भीम मंडल ने भी प्रशासन से इस जलस्रोत को बचाने की गुहार लगाई है। उन्होंने कहा कि वह एक सामान्य किसान हैं और बड़ी मेहनत व सीमित संसाधनों से अपने पलटी फार्म के लिए बोरवेल कराया था। लगातार पानी निकलते देखना उनके लिए भी पीड़ादायक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके पास इतनी आर्थिक क्षमता नहीं है कि वह स्वयं से बड़ी टंकी बनवा सकें या पाइपलाइन बिछाकर दूर तक पानी पहुंचा सकें।

पेयजल विभाग चाहे तो बनेगी सिंचाई की सुविधा
​भीम मंडल का कहना है कि यदि प्रशासन और पेयजल एवं स्वच्छता विभाग आगे आए तथा यहां पानी संग्रह करने के लिए टंकी का निर्माण कराकर पाइपलाइन के जरिए नाला गांव और आसपास के क्षेत्रों तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था करे, तो इससे बड़ी आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही किसानों को भी खेती के लिए पानी मिल सकेगा, जिससे पेयजल और सिंचाई दोनों समस्याओं में बड़ी राहत मिल सकती है।
​उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि इस तरह पानी को बर्बाद होते देखना किसी के लिए भी आसान नहीं है। अपनी सीमित क्षमता में वह जो कर सकते हैं, कर रहे हैं, लेकिन इतनी बड़ी व्यवस्था करना उनके बस में नहीं है। प्रशासन की पहल से यह स्रोत पूरे इलाके के लिए वरदान बन सकता है।

जलस्त्रोत की वैज्ञानिक जांच का हो रहा इंतजार
​अब लोगों की निगाहें प्रशासन और संबंधित विभाग पर टिकी हैं। सवाल यह है कि क्या इस जलस्रोत की वैज्ञानिक जांच कर रिपोर्ट जल्द आएगी? क्या भंडारण की व्यवस्था होगी और पाइपलाइन से गांवों तक पानी पहुंचेगा? नीलजुड़िया का यह स्रोत फिलहाल आकर्षण का केंद्र है, लेकिन ग्रामीणों की मांग है कि इसे केवल देखने की वस्तु न रहने दिया जाए, बल्कि जनहित में इसका सदुपयोग सुनिश्चित किया जाए। क्योंकि पानी की असली कीमत वही समझता है, जो एक-एक बूंद के लिए परेशान है। प्रकृति से मिले इस अनमोल संसाधन को बचाने की दिशा में ठोस पहल समय की सबसे बड़ी मांग है।

Tags - Jharkhand NewsJamtaraBorewellJamtara News