logo

झारखंड में निवेश के लिए अनुकूल वातावरण और स्पष्ट रोड मैप होना पहले जरूरीःसुदेश महतो

sudd.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड की युवा शक्ति को संगठित करने और आगामी चुनौतियों का सामना करने के लिए रणनीति तैयार करने के उद्देश्य से युवा आजसू का राज्यस्तरीय प्रतिनिधि सम्मेलन मार्च माह में आयोजित किया जाएगा। यह निर्णय आज पार्टी के प्रधान कार्यालय में आयोजित युवा आजसू की प्रदेश संयोजक मंडल की बैठक में लिया गया। इस अवसर पर पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने राज्य भर से आए युवा प्रतिनिधियों के साथ लंबी चर्चा की और संगठन विस्तार, झारखंड तथा झारखंडीयत के संघर्ष पर विस्तार से विचार रखे। नगर निकाय चुनाव पर सवाल मीडिया से बातचीत में महतो ने सरकार की भूमिका पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनाव में कैंडिडेट का समर्थन सरकार करने जा रही है, मुख्यमंत्री स्वयं चुनाव प्रचार का हिस्सा बनने जा रहे हैं, तो दलीय आधार पर चुनाव कराने से परहेज क्यों है? यह कहीं न कहीं परोक्ष रूप से राजनीतिक जनमत के साथ धोखा है। उन्होंने कहा कि पहले भी नगर निकाय चुनाव दलीय आधार पर हुए हैं, तो इस बार सरकार दलीय आधार से भाग क्यों रही है? 


निवेशक सम्मेलन और विदेश यात्रा पर प्रतिक्रिया
मुख्यमंत्री की विदेश यात्रा के सवाल पर्व महतो ने कहा कि झारखंड के उत्थान के लिए मैं भी आशावादी हूं। इस तरह के इवेंट में भाग लेने वाला झारखंड पहला राज्य नहीं है और न ही यह पहला दल है जो ऐसा कर रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी इन्वेस्टर के निवेश के लिए राज्य में अनुकूल वातावरण और स्पष्ट रोडमैप होना आवश्यक है। सवाल यह है कि क्या राज्य में ऐसा वातावरण है, जो निवेशक आएं और रोजगार सृजन कर सकें?उन्होंने कहा कि  पहले यह आंकलन करिए कि सरकार विदेश दौरे के समय जितने दिन वह बाहर रही, उन दिनों झारखंड का क्राइम रेट क्या रहा। क्या ऐसे हालात में निवेशक यहां आकर निवेश करने को तैयार होंगे? जमशेदपुर जैसे औद्योगिक शहर में युवा व्यवसायी का हाल में हुए अपहरण का मामला सुलझ नहीं सका, हजारीबाग के बड़का गांव की कल की घटना भी गंभीर सवाल खड़े करती है। 


युवाओं को संगठित करने की जरूरत
संगठन के विस्तार और झारखंडियत के मुद्दे पर बोलते हुए महतो ने कहा कि लंबे संघर्ष के बाद झारखंड का सृजन हुआ था और अब यह युवाओं की जिम्मेदारी है कि वे राज्य को सही दिशा में ले जाएं, ताकि झारखंड और झारखंडियत को उनका हक मिल सके। यह संघर्ष आजसू पार्टी के कर्मठ कार्यकर्ता ही आगे बढ़ा सकते हैं।


पार्टी के मुख्य प्रवक्ता देवशरण भगत ने युवाओं से आह्वान किया कि वे संगठन को मजबूती प्रदान करने के साथ-साथ जनहित के मुद्दों पर संघर्ष के लिए सदैव तैयार रहें।बैठक की अध्यक्षता युवा आजसू के प्रदेश संयोजक जब्बार अंसारी ने की। बैठक में केंद्रीय सचिव हरीश सिंह, केंद्रीय मीडिया संयोजक परवाज़ खान, पियूष चौधरी, युवा महानगर अध्यक्ष अमित यादव, युवा महानगर उपाध्यक्ष अमित साहू, राजेश महतो, उत्कर्ष महतो, देवा महतो, चेतन प्रकाश, अजीति सिंह, रमेश उरांव, सचिन भगत, अभिरंजन तिवारी, दीपक महतो, अमित यादव, तौफिक, विशाल प्रजापति सहित अन्य गणमान्य लोग शामिल थे।सभी जिलों के प्रतिनिधियों ने इस बैठक में सक्रिय भागीदारी निभाई।

Tags - Jharkhand AJSU Party Sudesh Mahto Yuva AJSU conference Davos Chief Minister Hemant Soren investment