द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र के चिड़िया पार्क के पास सोमवार शाम छेड़खानी का विरोध करना एक परिवार को इतना भारी पड़ गया कि आरोपी ने पूरे परिवार पर जानलेवा हमला बोल दिया। लोहे के रॉड और धारदार हथियारों से हुए इस हमले में युवती के परिवार के करीब आठ से नौ सदस्य बुरी तरह घायल हो गये। इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी का इलाज टाटा मोटर्स अस्पताल में जारी है।
परिजनों के मुताबिक, युवती को आरोपी पिछले आठ महीनों से लगातार परेशान कर रहा था। रास्ता रोकना, अश्लील कमेंट करना और बदसलूकी की कोशिशें आम बात हो गई थीं। परिजन दावा करते हैं कि इसकी शिकायत पहले भी की गई थी, लेकिन ठोस कार्रवाई न होने से उसका मनोबल बढ़ता गया।.jpg)
सोमवार को भी आरोपी ने युवती के साथ गलत हरकत करने की कोशिश की। विरोध करने पर वह बेकाबू हो गया और युवती के भाई, मां और अन्य पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में कई लोग लहूलुहान होकर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
घटना की खबर मिलते ही टेल्को पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आरोपी फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस ने आरोपी के जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।