द फॉलोअप डेस्क, रांची:
Jharkhand News: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर झरिया विधायक रागिनी सिंह (MLA Ragini Singh) के आवास पर भी तैयारियां शुरू हो गई हैं। छठ व्रत कर रहीं विधायक रागिनी सिंह ने अपने आवास पर पूरे विधि-विधान और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ छठ पूजा की तैयारियां कीं। इस दौरान उन्होंने अपने सहयोगियों के साथ छठ पूजा में उपयोग होने वाले गेहूं को सुखाने तथा पूजा के बर्तनों की साफ-सफाई में हिस्सा लिया। छठ महापर्व (Chhath Mahaparva) में शुद्धता और पवित्रता का विशेष महत्व होता है। इसी परंपरा का पालन करते हुए विधायक ने स्वयं तैयारियों में सहभागिता निभाई। छठ पूजा में प्रसाद के रूप में बनने वाले ठेकुआ सहित अन्य पकवानों के लिए गेहूं को पूरी स्वच्छता और के साथ सुखाया गया।

श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह
वहीं पूजा में इस्तेमाल होने वाले पीतल, तांबे और अन्य बर्तनों की भी सफाई की गई। इस दौरान विधायक रागिनी सिंह ने पारंपरिक छठ पर्व की तैयारियों में सहयोगियों के साथ सक्रिय भागीदारी निभाकर यह संदेश दिया कि छठ केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि हमारी लोक संस्कृति, पारिवारिक परंपरा, अनुशासन और सामूहिक सहभागिता का भी प्रतीक है। उल्लेखनीय है कि यूपी, बिहार और झारखंड सहित पूरे देश में छठ महापर्व को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह (Special enthusiasm among the devotees) है। चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन व्रत में स्वच्छता, पवित्रता, निष्ठा और प्रकृति के प्रति आस्था का अनूठा संगम देखने को मिलता है। विधायक रागिनी सिंह भी पूरी श्रद्धा और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ छठ महापर्व की तैयारियों में जुटी हैं।
