साहिबगंजः
रेबिका पहाड़िन हत्याकांड मामले में अब तक 8 लोगों की गिरफ्तारी हो गई है। अब तक शरीर के 18 टुकड़ों को पुलिस ने बरामद किया है। सिर की तलाशी जारी है। डीआइजी सुदर्शन मंडल ने बताया कि प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने उसके पति दिलदार अंसारी, सास मरियम खातून और मरियम के भाई मोइनुल हक समेत 8 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। एक अन्य आरोपी मोइनुल अंसारी फरार है। पुलिस शव को बाकी टुकड़ों के तलाश के लिए डॉग स्क्वायड की मदद ले रही है। पुलिस ससुराल वालों से पूछताछ कर रही है। बता दें कि इस मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है। साहिबगंज एसपी इस मामले का पर्यवेक्षण करेंगे। डीआईजी ने एसआईटी को विशेष रूप से निर्देश दिया है कि यह विशेष जांच दल त्वरित गति से कांड का अनुसंधान कर ससमय न्यायालय में आरोप पत्र समर्पित करें एवं स्पीडी ट्रायल के लिए न्यायालय में अभ्यावेदन समर्पित करें। केस की जांच कर रही आइओ सुषमा कुमारी के बयान पर बोरियो थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी है। प्राथमिकी में नौ लोगों को आरोपी बनाया गया है, जिसमें आठ को गिरफ्तार कर लिया गया है।

क्या है पूरा मामला
साहिबगंज के बोरियो में शादीशुदा रबिका पहाड़िन (22) को कटर से 12 टुकड़ों में काट दिया गया। गोंडा पहाड़ की रहने रबिका अपने पति दिलदार अंसारी के साथ बेलटोला में रह रही थी। शनिवार देर शाम रबिका पहाड़िन के शव को 12 हिस्सों में बोरियो थाना क्षेत्र के संथाली मोमिन टोला में एक पुराने बंद घर के बाहर से बरामद किया गया। पुलिस ने उसके पति को हिरासत में ले लिया है। रविवार सुबह से सर्च ऑपरेशन जारी है। इसमें डॉक्टर की टीम को भी शामिल किया गया है।