द फॉलोअप डेस्कः
रोजगार की तलाश में पश्चिम अफ्रीकी देश नाइजर गए झारखंड के गिरिडीह जिले के पांच श्रमिक एक बड़े संकट में फंस गए हैं। 25 अप्रैल को नाइजर के सकोरा क्षेत्र में हुए आतंकी हमले के बाद इन मजदूरों को आतंकियों ने अगवा कर लिया। इस खबर के सामने आने के बाद उनके परिजनों का हाल बेहाल है घरों में मातम पसरा है।
सभी श्रमिक गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं और नाइजर में ‘कल्पतरु कंपनी’ के तहत ट्रांसमिशन लाइन का कार्य कर रहे थे। परिजनों को यह जानकारी वहां के स्थानीय लोगों से मिली कि आतंकी हमला होने के बाद काम कर रहे इन पांच मजदूरों को भी उठा लिया गया। बताया गया कि हमले में 12 नाइजर सैनिकों की मौत हो गई थी, जिसके बाद हालात और भी तनावपूर्ण हो गए। घटना को हुए अब छह दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक श्रमिकों के बारे में कोई पुख्ता जानकारी न मिलने से परिजनों की चिंता और बढ़ गई है।
परिवारों का रो-रो कर बुरा हाल है। माता-पिता, पत्नी और बच्चे सभी केंद्र सरकार और राज्य सरकार से यही अपील कर रहे हैं कि किसी भी हाल में उनके प्रियजनों को सुरक्षित भारत वापस लाया जाए। गरीबी और रोज़गार की मजबूरी में विदेश गए ये श्रमिक अब जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।