द फॉलोअप डेस्कः
झारखंड में भीषण गर्मी से फिलहाल राहत बनी रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के विभिन्न हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक तेज हवाओं के साथ रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। गरज, मेघगर्जन और वज्रपात की चेतावनी के साथ तीन मई तक मौसम ठंडा और सुहावना बना रह सकता है। बंगाल की खाड़ी में बने मौसमीय सिस्टम के कारण यह बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और सभी जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। इससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है और जनजीवन सामान्य हो गया है।
30 अप्रैल से 3 मई तक के लिए मौसम विभाग ने राज्य भर में येलो अलर्ट जारी किया है। इस अवधि में तेज हवाओं, गरज के साथ बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। हालांकि 4 मई से केवल बादल छाए रहने की संभावना है, भारी बारिश की चेतावनी नहीं है। पिछले 24 घंटों में कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। चाकुलिया (पूर्वी सिंहभूम) में सर्वाधिक 52.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि सिमडेगा में 5 मिमी वर्षा हुई। हालांकि, वज्रपात नुकसानदायक भी रहा। गुमला जिले के पालकोट प्रखंड के बघिमा पंचायत में बिजली गिरने से दो मवेशियों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। स्थानीय प्रशासन ने राहत कार्य शुरू कर दिया है।
तापमान की बात करें तो मंगलवार को पलामू के मेदिनीनगर में अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.5 डिग्री कम था। राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 18 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो औसत से काफी कम है।