logo

बाइक, टक्कर और चीखें! लातेहार में 2 मोटरसाइकिल की सीधी टक्कर में 3 की मौत; 3 घायल

latehar_accidnet.jpg

द फॉलोअप डेस्क

लातेहार जिला के हेरहंज थानाक्षेत्र में मंगलवार की रात भीषण सड़क हादसा हुआ। यहां 2 बाइक की सीधी टक्कर में 3 युवकों की मौत हो गई है। तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को जिले के बालूमाथ में प्राथमिक इलाज के लिए भर्ती कराया गया। इसके बाद बेहतर इलाज के लिए सभी को रिम्स रेफर कर दिया गया है। मृतकों की पहचान हेरहंज थानाक्षेत्र के हाटाटोंगरी निवासी रविन्द्र गंझू, जितेंद्र गंझू और चुकू गांव निवासी सूरज यादव के रूप में की गई।


दोनों बाइकों की परखच्चे उड़े 
मिली जानकारी के अनुसार लातेहार जिले के हेरहंज थानाक्षेत्र के हाटातोंगरी निवासी सूरज यादव, राहुल यादव और पवन यादव बाइक पर सवार होकर ब्रह्ममोरिया बाजार की ओर जा रहे थे। वहीं सामने से चुकु गांव निवासी रविंद्र गंझू, जितेंद्र गंझू और झुनिया देवी चंदवा की ओर से वापस अपने गांव की ओर आ रहे थे। इसी बीच हुम्बू पेट्रोल पंप के पास अचानक दोनों बाइक की सीधी टक्कर हो गयी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। बाइकों पर सवार सभी 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। उसके बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने सूरज यादव और जितेंद्र गंझु को मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया। परंतु अस्पताल से निकलने के थोड़ी देर बाद ही रविंद्र गंझू की भी मौत हो गई।


घटना के बाद मचा कोहराम
घटना के बाद दोनों गांवों में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलने के बाद मृतक और घायलों के परिजन अस्पताल पहुंच गए। परिजनों के चीत्कार से पूरा माहौल गमगीन हो गया था। घटना के बाद पुलिस ने मृतकों के शव को कब्जे में ले लिया है।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक करें- https://chat.whatsapp.com/B5Ez1xqYOyL74JlHFO8Y86

Tags - JharkhandJharkhand newsAccidentaccident news