द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र स्थित तुरियाबेड़ा के पास एनएच पर सड़क चौड़ीकरण कार्य में लगे ठेकाकर्मी प्रताप सिंह (पंजाब निवासी) की मौत के मामले में पुलिस ने उसके तीन सहकर्मियों जसकरण सिंह, विशाल और अर्षप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक के भांजे के बयान के आधार पर तीनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। घटना तीन दिन पुरानी बताई जा रही है।.jpeg)
जानकारी के मुताबिक, पंजाब निवासी प्रताप सिंह अपने रिश्तेदारों और भाइयों के साथ सड़क चौड़ीकरण के काम में जुटा हुआ था। शनिवार को मजदूर क्रेन की मदद से लोहे की प्लेटें लगाने का कार्य कर रहे थे। साइट फोरमैन रंजीत सिंह रंधावा ने बताया कि उन्हें फोन पर सूचना मिली कि एक प्लेट लग चुकी है और दूसरी लगाने की तैयारी चल रही है। उन्होंने मजदूरों को एहतियात बरतने की सलाह भी दी थी।
कुछ देर बाद जब उन्होंने दोबारा फोन किया तो कॉल रिसीव नहीं हुआ। फिर कॉल बैक आया और बताया गया कि प्रताप सिंह के साथ मारपीट हुई है और उसे अस्पताल ले जाया गया है। गंभीर रूप से घायल प्रताप सिंह को एमजीएम अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
फिलहाल शव को पोस्टमार्टम हाउस के शीतगृह में रखा गया है। परिजन मंगलवार तक जमशेदपुर पहुंचेंगे, जिसके बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। घटना के सही कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही घटनास्थल का मुआयना और मजदूरों के बयान के आधार पर पूरे मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।