द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर में आज जुगसलाई नगर परिषद के अध्यक्ष और संबंधित वार्ड पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम में नवनिर्वाचित अध्यक्ष नौशीन खान को डीसी कर्ण सत्यार्थी और 22 वार्ड पार्षदों को संबंधित अधिकारी के द्वारा पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गईं। इस दौरान अध्यक्ष नौशीन खान ने शपथ लेकर आधिकारिक रूप से अपना कार्यभार संभाला, वहीं सभी पार्षदों ने भी शपथ लेकर अपने-अपने पद की जिम्मेदारी अधिकारिक रूप से ग्रहण की। इस दौरान संबंधित अधिकारियों ने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों से शहर के विकास और बेहतर नगर व्यवस्था के लिए सभी से एक साथ मिलकर काम करने की अपील की। शपथ ग्रहण समारोह में जमशेदपुर के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी, उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, बीडीओ सुमित कुमार, डीटीओ धनंजय कुमार, सीओ मनोज कुमार सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

उपाध्यक्ष के लिए 4 पार्षदों के बीच महा मुकाबला
इसी क्रम में जुगसलाई में उपाध्यक्ष का चुनाव बेहद ही दिलचस्प मोड़ पर है। जुगसलाई नगर परिषद में उपाध्यक्ष पद के लिए कुल 22 वार्ड पार्षदों में से चार ने अपना नामांकन दाखिल किया है। नामांकन दाखिल करने वालों में वार्ड-2 से पार्षद इरशाद हैदर, वार्ड-4 से पार्षद राहत हुसैन उर्फ मोना, वार्ड-18 से पार्षद सुरेश शर्मा उर्फ लीपू शर्मा एवं वार्ड -21 से पार्षद अर्चना दुबे शामिल है। चारों पार्षदों का नामांकन प्रक्रिया प्रखंड सह अंचल कार्यालय के सभागार में पूरी की गई। जिसके बाद उपाध्यक्ष पद के लिए गुप्त मतदान की प्रक्रिया प्रारंभ है। ऐसे में गुप्त मतदान के बाद यह तय होगा कि जुगसलाई नगर परिषद का उपाध्यक्ष कौन होगा।

सूत्रों के अनुसार, वार्ड-21 की पार्षद अर्चना दुबे के लिए हिंदू इलाके में लॉबिंग की गई है। वार्ड-2 के पार्षद इरशाद हैदर को जुगसलाई की अध्यक्ष नौशीन खान के पति झारखंड अल्पसंख्यक आयोग के चेयरमैन हिदायतुल्लाह खान का करीबी माना जा रहा है, जिस कारण उन्हें मजबूत दावेदार के तौर पर देखा जा रहा है। वार्ड-4 के पार्षद राहत हुसैन उर्फ मोना का पारवारिक समर्थन भी मजबूत माना जा रहा है, क्योंकि उनके भाई जिशान हुसैन भी वार्ड-7 से पार्षद चुनकर आये है। वहीं यह माना जा रहा है कि वार्ड-18 के पार्षद कारोबारी सुरेश शर्मा उर्फ लीपू शर्मा को जुगसलाई के व्यवसाई वर्ग का समर्थन से वोट मिलेगा।
.jpg)
दरअसल, जुगसलाई नगर परिषद के कुल 22 वार्ड पार्षद उपाध्यक्ष के चुनाव में गुप्त मतदान करेंगे। जुगसलाई की सियासत में इस बार समीकरण भी काफी दिलचस्प हैं। यहां 22 निर्वाचित पार्षदों में 11 मुस्लिम समुदाय से, दो सिख और नौ हिंदू समुदाय से जुड़े प्रतिनिधि हैं। यही वजह है कि अल्पसंख्यक समुदाय से जुड़े पार्षद इस चुनाव में निर्णायक भूमिका में माने जा रहे हैं। दावेदार इन पार्षदों को अपने पक्ष में करने के लिए लगातार संपर्क साध रहे थे। ऐसे में जुगसलाई की अध्यक्ष नौशीन खान के पति झारखंड अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान की भूमिका को भी काफी अहम माना जा रहा है। फिलहाल सबकी नजरें गुप्त मतदान पर टिकी है। जिसके परिणाम आने पर तय होगा कि जुगसलाई का उपाध्यक्ष आखिर कौन बनेगा।