logo

2 बाइकों की जोरदार टक्कर, हादसे में 2 युवकों की गई जान; 2 गंभीर घायल

ACCIDENT12.jpg

द फॉलोअप डेस्क
पलामू के छतरपुर में जपला जाने वाली मार्ग पर खेंद्रा गांव के पास लरमी घाटी में बुधवार की शाम एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई, जहाँ दो बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में दोनों बाइक चला रहे युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पीछे बैठे दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने तत्काल सभी घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल पहुँचाया। जहां चिकित्सकों ने जाँच के बाद दोनों बाइक चालकों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान हुसैनाबाद थाना के देवरी निवासी बसंत चौधरी और चैनपुर थाना के गुहा निवासी रमेश पासी के रूप में हुई है। वहीं, गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को प्राथमिक उपचार देने के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए एमएमसीएच मेदिनीनगर रेफर कर दिया गया। घायलों में से एक की पहचान देवरी निवासी मनोज चौधरी के रूप में की गई है, जबकि दूसरे घायल युवक की पहचान पुलिस अभी तक नहीं कर पाई है।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और इस दुर्घटना के कारणों की छानबीन में जुट गई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह दुर्घटना तेज रफ़्तार, लापरवाही या खराब दृश्यता के कारण हुई। 

Tags - jharkhand news jharkhand khabar jharkhand update palamu news palamu khabar road accident news