logo

देवघर में 18 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या, पहले भी हो चुका था हमला 

18_year.jpg

द फॉलोअप डेस्क 
देवघर के कुंडा थाना क्षेत्र के महालक्ष्मी नगर में बुधवार की शाम सरेआम गोलीबारी की घटना ने इलाके को दहला दिया। इस फायरिंग में 18 साल के दिनेश कुमार सिंह को गोली मार दी गयी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। वारदात के बाद इलाके में सन्नाटा और दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटी हुई है। 

दिनेश की बड़ी बहन ने बताया कि वह डॉक्टर के पास इलाज के लिए जा रहा था, तभी पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरु कर दी। 4 गोलियां लगने से दिनेश वहीं गिर पड़ा और तड़पने लगा। स्थानीय लोगों ने परिजनों को सूचना दी। बहन मौके पर पहुंची और लोगों की मदद से दिनेश को सदर अस्पताल ले गयी, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

परिजनों ने बताया कि दिनेश पर पहले भी हमला हो चुका था। परिवार ने इस बात की जानकारी स्थानीय पुलिस को पहले ही दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने हत्या की वजह जमीन विवाद को बताया है। दिनेश के परिवार ने राजा सिंह, राजा तुरी, सागर यादव, कन्हैया सिंह और मनु राय पर हत्या का आरोप लगाया है। बताया गया कि 3 बाइक पर सवार होकर कई युवक आए और दिनेश पर हमला कर फरार हो गए। देवघर डीएसपी लक्ष्मण प्रसाद ने बताया कि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि जो भी इस घटना में शामिल होगा, उसे किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। 

Tags - Jharkhand News Deoghar News Deoghar Hindi News Deoghar Latest News Delghar Crime News