द फॉलोअप डेस्क
पलामू के नेशनल हाईवे-39 के निर्माण स्थल पर शुक्रवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात हुई। बाइक सवार अज्ञात अपराधियों ने फोरलेन निर्माण कार्य स्थल पर पहुंचकर अंधाधुंध फायरिंग की। इस हमले में एक मजदूर के कमर में गोली लग गई। घायल मजदूर को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह घटना पलामू जिले के सदर थाना क्षेत्र के सिंगरा खुर्द इलाके में सुबह करीब 5:30 बजे घटी। मिली जानकारी के अनुसार, जब मजदूर अपने टेंट में सो रहे थे, तभी 2 बाइक सवार बदमाश वहां पहुंचे और फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से घायल मजदूर की पहचान विक्रम नामक युवक के रूप में हुई है, जो सतबरवा का रहने वाला है। अपराधियों ने मौके पर कई राउंड हवाई फायरिंग भी की और फिर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और कई संभावित बिंदुओं पर जांच जारी है।
सदर थाना प्रभारी संतोष कुमार गुप्ता ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि मामला गंभीर है और पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। जिस जगह यह हमला हुआ, वहां फ्लाईओवर निर्माण का काम चल रहा है और मजदूर उसी के नीचे अस्थायी टेंट में रहते हैं। फिलहाल पुलिस हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
