logo

झारखंड में अगले 24 घंटे हल्की बारिश की संभावना, 18 जुलाई से मौसम साफ रहने के आसार

RAIN3.jpg

द फॉलोअप डेस्क 
राजधानी रांची समेत पूरे झारखंड में अगले 24 घंटे तक हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। हालांकि मौसम विभाग का अनुमान है कि शुक्रवार से मौसम साफ हो जाएगा। विभाग ने यह भी बताया कि अगले 4 दिनों तक राज्य के कुछ इलाकों में तेज हवाएं और वज्रपात की घटनाएं हो सकती हैं। 

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, राज्य में बना निम्न दबाव अब कमजोर होकर पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ चुका है, जिससे बारिश की संभावना भी कम हो गई है। बुधवार को रांची और आसपास के इलाकों में दोपहर बाद आसमान साफ हो गया और धूप खिली। इसी कारण दिन का अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से एक डिग्री कम है। वहीं, न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री दर्ज किया गया। राज्य में सबसे अधिक तापमान सरायकेला में 34.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

राज्य में बीते 24 घंटे में सबसे ज्यादा बारिश गुमला के चैनपुर में 204 मिमी दर्ज की गई। पलामू में 158.2 मिमी, हजारीबाग में 82 मिमी और देवघर में 81 मिमी बारिश हुई। राजधानी रांची में सिर्फ 12.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। इस मानसून सीजन में एक जून से 15 जुलाई तक झारखंड में कुल 565.4 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से 68% ज्यादा है। 17 जून को मानसून की दस्तक के बाद से अब तक रांची में सबसे ज्यादा 816.6 मिमी बारिश हुई है, जो इस अवधि के औसत 361.3 मिमी से करीब 126% ज्यादा है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के मुताबिक, ‘‘अब निम्न दबाव का क्षेत्र राज्य से आगे बढ़ चुका है, इसलिए शुक्रवार से राज्यभर में मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है।’’


 

Tags - Jharkhand News Jharkhand Hindi News Jharkhand Latest News Jharkhand Weather News Monsoon News