द फॉलोअप डेस्क
सिमडेगा जिले में गुरुवार को दर्दनाक हादसा हो गया। जलडेगा थाना क्षेत्र के लोम्बोई बांडीसेमर गांव में खेत में काम कर रहे 2 चचेरे भाइयों की वज्रपात की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। मिली जानकारी के अनुसार, गांव निवासी सुरेश गोंड ने अपने चचेरे भाई राजकिशोर गोंड से खेत बंधक लिया था। दोनों मिलकर खेत की जुताई करा रहे थे। इसके लिए ट्रैक्टर टिनगीना गांव से भाड़े पर मंगाया गया था, जिसे राजकिशोर खुद चला रहा था।
जुताई के दौरान बारिश शुरू हो गई, तो सुरेश, राजकिशोर और ट्रैक्टर मालिक रमेश साय खेत में ट्रैक्टर छोड़कर सुरक्षित स्थान की ओर जा रहे थे। लेकिन खेत की मेड़ पर ही वज्रपात हुआ और देखते ही देखते सुरेश और राजकिशोर की मौके पर मौत हो गई। घटना के बाद घायल रमेश साय की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। बारिश से लबालब खेत में दोनों भाइयों के शव पानी में पड़े मिले। ग्रामीणों ने शवों को बाहर निकाला और तुरंत जलडेगा थाना को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिमडेगा सदर अस्पताल भेजा गया।
