logo

हेमंत कार्यकाल के 4 साल पूरा होने पर पंचायत स्वयंसेवक करेंगे नंग-धड़ंग प्रदर्शन, आत्मदाह की चेतावनी

a1081.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

तकरीबन 166 दिन से अपनी 5 सूत्री मांगों को लेकर राजभवन के समक्ष प्रदर्शन कर रहे पंचायत सचिवालय स्वयंसेवक संघ के कर्मचारियों ने हेमंत सोरेन सरकार के कार्यकाल का 4 साल पूरा होने के मौके पर नंग-धड़ंग प्रदर्शन करने की बात कही है। केवल इतना ही नहीं, गुरुवार को विधानसभा की ओर मार्च के दौरान लाठीचार्ज से नाराज प्रदर्शनकारियों ने सरकार को आत्मदाह की चेतावनी भी दी है। बता दें कि पंचायत सचिवालय स्वयंसेवक संघ के कर्मचारी पिछले करीब 166 दिन से वेतनमान, समायोजन और स्थायीकरण की मांग को लेकर राजभवन के समक्ष धरने पर बैठे हैं।

 

विधानसभा घेराव के दौरान लाठीचार्ज
गुरुवार (21 दिसंबर) को पंचायत सचिवालय स्वयंसेवक संघ के कर्मचारी विधानसभा का घेराव करने जा रहे थे तभी पुलिस ने उनपर लाठीचार्ज कर दिया। लाठीचार्ज में कम से कम आधा दर्जन कर्मचारियों के घायल होने की सूचना है। बताया जा रहा है कि प्रदर्शनकारियों ने भी पथराव किया। मिली जानकारी के मुताबिक गुरुवार को शीतकालीन सत्र के आखिरी दिन पंचायत स्वयंसेवक, विधानसभा के घेराव करने जा रहे थे। जैसे ही प्रदर्शनकारियों का हुजूम जगन्नाथ मंदिर के पास पहुंचा, पुलिस ने उनको रोकना चाहा। वहां बैरिकेडिंग लगी थी। प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग हटाकर विधानसभा की ओर कूच करना चाहते थे। पुलिस ने उनको रोकने के लिए बल प्रयोग किया। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के जवानों में झड़प हो गई। 

पंचायत स्वयंसेवक संघ की मुख्य मांग क्या है
गौरतलब है कि पंचायत सचिवालय स्वयंसेवक संघ के कर्मियों की मांग है कि हेमंत सोरेन सरकार अपना चुनावी वादा पूरा करे। उनका कहना है कि झारखंड मुक्ति मोर्चा ने स्पष्ट कहा था कि संविदाकर्मियों का स्थायीकरण किया जाएगा। उनको वेतनमान मिलेगा। सरकार गठन को 4 साल बीत गए लेकिन उन्होंने वादा नहीं निभाया। वे नई नियुक्तियों की जगह समायोजन,  स्थायीकरण और वेतनमान की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी स्वयंसेवकों का आरोप है कि सरकार ने उनकी मांगों के प्रति कोई सकारात्मक रुख नहीं दिखाया है। वे अब नंग धड़ंग प्रदर्शन करने को मजबूर हैं। 

रांची में भी कर्मचारियों ने अर्धनग्न प्रदर्शन किया था
बता दें कि पिछले दिनों पंचायत सचिवालय स्वयंसेवक संघ के पुरुष कर्मचारियों ने रांची में अर्धनग्न प्रदर्शन भी किया था। 100 से ज्यादा कर्मी अर्धनग्न अवस्था में हरमू मैदान से झारखंड मुक्ति मोर्चा कार्यालय तक नारेबाजी करते हुए मार्च कर रहे थे लेकिन पुलिस ने उनको रोक लिया। अब कर्मियों ने नंग-धड़ंग प्रदर्शन की चेतावनी जारी कर दी है।