logo

पालामू: ओवरडोज़ से 9 साल के बच्चे की मौत, झोलाछाप डॉक्टर गिरफ्तार

DEATH_CHILD.jpg

पालामू
पलामू जिले के पांकी में एक बार फिर झोलाछाप डॉक्टर की लापरवाही ने मासूम की जान ले ली। नौ साल के आदर्श कुमार की मौत दवा और इंजेक्शन के ओवरडोज़ से हुई, ऐसा आरोप परिजनों ने लगाया है। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों ने मौके से भागने की कोशिश कर रहे आरोपी डॉक्टर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
आदर्श मंझौली निवासी वीरेंद्र कुमार का बेटा था। बच्चे के चाचा राजेश कुमार सिंह के अनुसार, शुक्रवार शाम आदर्श को बुखार होने पर परिवार उसे पांकी बाजार में क्लिनिक चलाने वाले इस्लाम अंसारी के पास लेकर गया। डॉक्टर ने इंजेक्शन लगाने के बाद कुछ दवाएं दीं और खून की जांच भी कराई। रिपोर्ट में मलेरिया बताया गया और बच्चे को उसी समय घर भेज दिया गया।


घर पहुंचते ही बिगड़ी हालत
परिवार के अनुसार, शाम ढलते ही आदर्श की तबीयत अचानक खराब होने लगी। दोबारा संपर्क करने पर डॉक्टर ने स्थिति सामान्य होने की बात कही, लेकिन रात करीब 12 बजे बच्चे की सांसें तेज चलने लगीं और वह अर्धबेहोशी की हालत में पहुंच गया। घबराए परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने प्राथमिक तौर पर मौत की वजह दवा का ओवरडोज़ बताई।


घर में घुसकर पकड़ा झोलाछाप डॉक्टर
घटना से गुस्साए परिजन सीधे डॉक्टर के घर पहुंचे। आरोप है कि डॉक्टर भागने की फिराक में था, लेकिन ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पोस्टमॉर्टम एमएमसीएच में कराया गया।
परिजनों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई, मुआवजा और इलाके में चल रहे अवैध क्लिनिकों पर स्थायी रोक लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि शिकायत पर ऐसे क्लिनिक बंद तो होते हैं, लेकिन कुछ ही दिनों में दोबारा खुल जाते हैं, जिससे लोगों की जान लगातार जोखिम में रहती है।

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News