रांची
नेशनल हेराल्ड केस में कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ चार्जशीट दायर किए जाने के विरोध में सोमवार को झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस ने रांची प्रवर्तन निदेशालय (ED) कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की अगुवाई प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष अभिजीत राज ने की, जबकि कार्यक्रम में कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान प्रदीप यादव ने कहा कि "नेशनल हेराल्ड" पत्रिका की शुरुआत 1938 में स्वतंत्रता संग्राम की आवाज़ को बुलंद करने के लिए हुई थी। आज उसी इतिहास को विकृत कर, भाजपा नेतृत्व राहुल गांधी की छवि धूमिल करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने आगे कहा कि "राहुल गांधी पर न तो एक रुपये की गबन का आरोप है, न ही किसी ज़मीन से जुड़ा मामला। ऐसे फर्जी मुकदमों से उन्हें दबाया नहीं जा सकता।"
युवा कांग्रेस अध्यक्ष अभिजीत राज ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, "ED, CBI और IT जैसी केंद्रीय एजेंसियां अब भाजपा के लिए काम कर रही हैं। ये अडानी-अंबानी की ढाल बन चुकी हैं और विपक्ष के नेताओं को झूठे मामलों में फंसा रही हैं।" उन्होंने कहा कि "अब देश का हर युवा कांग्रेस कार्यकर्ता 'राहुल गांधी' बनकर इस लड़ाई को लड़ेगा और उनकी मुहिम को आगे बढ़ाएगा।"
प्रदर्शन के दौरान "ED मुर्दाबाद", "ED-भाजपा एक हैं" जैसे नारे लगे। भीड़ बढ़ते देख पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया और डोरंडा थाना ले जाया गया। लगभग 100 कार्यकर्ताओं को दो घंटे तक थाने में रखा गया।
बाद में झारखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव कमलेश महतो, मार्केटिंग बोर्ड के चेयरमैन रविंद्र सिंह और महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गुंजन सिंह डोरंडा थाना पहुंचे। हस्तक्षेप के बाद सभी कार्यकर्ताओं को निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया।
इस विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस के कई वरिष्ठ और युवा नेता मौजूद रहे, जिनमें प्रमुख नाम हैं: उज्ज्वल तिवारी (प्रदेश उपाध्यक्ष), सौरभ अग्रवाल, आफताब आलम, देव शर्मा, सत्यम सिंह, महासचिव प्रतीक सिन्हा, अभिजीत कमल, जमील अख्तर, कोमल कुमारी, शादाब खान, विक्की ठाकुर, विकास सिंह, वेद प्रकाश, पूनम यादव, गौरव सिंह (जिला अध्यक्ष), नितेश भारद्वाज, अमित यादव, आज़ाद अंसारी, मोती पासवान, विशाल डूंगडूँग, अरुण सांगा, नीरज सिंह, अशरफ अली, अमरनाथ मुंडा, तबरेज़ खान, साजन कुमार, आयुष, इमरान, नीलेश उरांव, दीपक साव और अब्दुल।