रांची
पश्चिमी अफ्रीकी देश नाइजर से झारखंड के पांच प्रवासी मजदूरों के अपहरण की खबर सामने आई है। अगवा किए गए मजदूरों में गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र के दोंदलो पंचायत निवासी संजय महतो, फलजित महतो, राजू महतो, चंद्रिका महतो और मुंडरो पंचायत के उत्तम महतो शामिल हैं। बताया जा रहा है कि ये सभी मजदूर 'कल्पतरु पावर ट्रांसमिशन लिमिटेड' कंपनी में काम कर रहे थे। घटना शुक्रवार दोपहर की है। मजदूरों के परिजनों ने सरकार से अपनों की सकुशल रिहाई की गुहार लगाई है। वहीं, प्रवासी मजदूरों के हित में काम करने वाले समाजसेवी सिकंदर अली ने केंद्र सरकार से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने और सभी मजदूरों को सुरक्षित वापस लाने की मांग की है।