द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में सुरक्षाबलों ने एक बार फिर नक्सलियों की बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है। बुधवार को पश्चिमी सिंहभूम और खूंटी जिले की सीमा पर जंगल में सर्च ऑपरेशन के दौरान 18 शक्तिशाली आईईडी बम बरामद किए गए। प्रत्येक बम का वजन करीब तीन-तीन किलोग्राम था।
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मौके पर पहुंचे बम निरोधक दस्ते ने सभी बमों को जंगल में ही सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया। पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक को 8 जुलाई को गुप्त सूचना मिली थी कि भाकपा माओवादियों ने सीमा से लगे जंगलों में विस्फोटक छिपाकर सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने की योजना बनाई है। इस इनपुट के आधार पर चाईबासा पुलिस, खूंटी पुलिस, झारखंड जगुआर और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाया और यह बड़ी कामयाबी मिली।
यह कार्रवाई अड़की थाना क्षेत्र के कोचांग के पास की गई, जो पश्चिमी सिंहभूम और खूंटी जिलों की सीमा पर स्थित है। इस इलाके में लंबे समय से माओवादी गतिविधियां सक्रिय हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के कई शीर्ष नेता—मिसिर बेसरा, अनमोल, असीम मंडल, अजय महतो, जयकांत, रापा मुंडा जैसे कुख्यात नक्सली, अपने दस्ते के साथ सारंडा-कोल्हान क्षेत्र में विध्वंसक गतिविधियों की योजना बना रहे हैं। इन्हीं की रोकथाम को लेकर राज्य पुलिस और अर्धसैनिक बलों की टीम लगातार सघन अभियान चला रही है। सुरक्षाबलों की मुस्तैदी से एक बड़ी घटना टल गई है।
