गढ़वा
केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी खराब मौसम के कारण गढ़वा में फंसे हुए हैं। रांची एयरपोर्ट के एटीसी ने खराब मौसम को देखते हुए उनके हेलीकॉप्टर को उड़ान भरने की अनुमति नहीं दी है। गडकरी को रांची के रातू रोड फ्लाईओवर का उद्घाटन करना है, लेकिन अब उनका कार्यक्रम बाधित हो गया है।

छोटा हेलीकॉप्टर और खराब मौसम बना बाधा
जानकारी के अनुसार गडकरी का हेलीकॉप्टर अपेक्षाकृत छोटा और कम पावर वाला है। मौसम की खराबी के चलते एटीसी ने किसी भी तरह का जोखिम लेने से इनकार कर दिया है। तय कार्यक्रम के मुताबिक गडकरी को दोपहर 2:30 बजे गढ़वा से उड़ान भरकर रांची पहुंचना था। वहां से वे रेडिएशन ब्लू होटल में भोजन करने के बाद एटीसी ग्राउंड जाने वाले थे, जहां से रातू रोड फ्लाईओवर के उद्घाटन समारोह में हिस्सा लेना था।
जानकारी के अनुसार हेलीकॉप्टर के उड़ान भरने की अनुमति नहीं मिल पाने के कारण अब गडकरी के हेलीकॉप्टर को गढ़वा से गया जी ले जाने की तैयारी की जा रही है। फिर गया जी एयरपोर्ट से सर्विस प्लेन के माध्यम से गडकरी को रांची लाने की कोशिश हो रही है।
गढ़वा में रुके, भजन में हुए शामिल
रांची रवाना होने में विलंब के कारण मंत्री गढ़वा में ही रुके हुए हैं। इस बीच प्रशासन को उम्मीद है कि मौसम में सुधार होते ही उड़ान की अनुमति मिल जाएगी और गडकरी गढ़वा से ही रांची के लिए रवाना हो सकेंगे।
