logo

मुर्शिदाबाद से झाऱखंड आनेवाले लोगों को आश्रय देगी भाजपा, बाबूलाल मरांडी ने दिया निर्देश 

babulal33.jpg

रांची
पश्चिम बंगाल में वक्फ अधिनियम को लेकर भड़की हिंसा के चलते मुर्शिदाबाद समेत कई जिलों से बड़ी संख्या में लोग पलायन कर झारखंड की ओर रुख कर रहे हैं। इन हालात में झारखंड भाजपा ने पलायन कर आए हिंदू परिवारों को हरसंभव मदद मुहैया कराने का फैसला लिया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के निर्देश पर बंगाल से सटे झारखंड के जिलों में पार्टी कार्यकर्ताओं को सतर्क किया गया है और पीड़ित परिवारों के लिए राहत कार्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। भाजपा प्रवक्ता प्रदीप सिन्हा ने बताया कि जिला इकाइयों को विशेष निर्देश दिए गए हैं कि शरण लेने वाले लोगों को भोजन, आश्रय और प्राथमिक चिकित्सा जैसी जरूरी सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं।
सिन्हा ने यह भी कहा कि बंगाल में हालात बेहद चिंताजनक हैं। “लोगों को अपने घर छोड़कर मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों में शरण लेनी पड़ रही है। यह केवल कानून व्यवस्था की विफलता नहीं बल्कि एक गहरी मानवीय त्रासदी है।”
भाजपा नेताओं का यह भी आरोप है कि राज्य सरकार की निष्क्रियता के चलते हिंसा बेकाबू हुई है। उन्होंने याद दिलाया कि इससे पहले पंचायत चुनावों के दौरान भी भाजपा समर्थकों को निशाना बनाया गया था। “इस बार स्थिति और भयावह है,” एक भाजपा नेता ने कहा। “सरकार की शह पर हिंदू परिवारों पर हमले हो रहे हैं, उनके घर जलाए जा रहे हैं और कई जगहों पर हत्याएं भी की गई हैं।” भाजपा का कहना है कि उसकी पहल पर ही हाई कोर्ट ने केंद्रीय सुरक्षा बलों की पुनः तैनाती का आदेश दिया है, ताकि प्रभावित इलाकों में शांति बहाल की जा सके।

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News Jharkhand।ive Breaking।atest