द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र के गरीब नवाज कॉलोनी में शुक्रवार देर रात पुलिस ने एक युवक को अवैध हथियार के साथ दबोच लिया। दरअसल, पुलिस टीम कब्रिस्तान के पास गश्ती के दौरान पहुंची थी, तभी स्कूटी सवार एक युवक पुलिस वाहन को देखते ही भागने लगा। जिसपर पुलिस ने घेराबंदी कर युवक को मौके पर ही पकड़ लिया।
गिरफ्तार युवक की पहचान गरीब नवाज कॉलोनी निवासी मोहम्मद इकबाल (21) के रूप में हुई है। तलाशी में उसके कमर से एक देसी कट्टा, चेंबर से एक जिंदा गोली, पैंट की जेब से एक कारतूस और स्कूटी की डिक्की से तीन अतिरिक्त जिंदा गोलियां बरामद की गईं। उसका रियलमी स्मार्टफोन भी जब्त किया गया है।.jpg)
इस संबंध में सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने शनिवार शाम प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि पुलिस को रात करीब 11:10 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि इकबाल किसी अप्रिय वारदात को अंजाम देने की नीयत से स्कूटी पर इलाके में घूम रहा है। सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई और इलाके में नाकेबंदी की गई।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि इक़बाल का आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ पहले जुगसलाई थाना में मारपीट और घर में घुसकर हमला करने का मामला दर्ज है। पुलिस ने बरामद हथियार व कारतूस के साथ इक़बाल को थाना लाकर प्राथमिकी दर्ज की और कानूनी प्रक्रिया के बाद उसे जेल भेज दिया।